फतेहाबाद। सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कम ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो और आयु संबंधी असामान्य स्थिति वाले बूथों को चिह्नित किया गया। इन बूथों की सूची बैठक में शामिल सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई।

एसडीएम ने राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को सक्रिय करने और अधिक से अधिक प्रारूप छह, सात और आठ भरवाने के लिए कहा। इसके अलावा नए मतदाता बनने के लिए आवेदन करने वाले लोगों को आ रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची में सुधार कराने और पात्र लोगों के नाम शामिल कराने में सहयोग करने की अपील की।

बैठक में तहसीलदार शिखर मिश्रा, नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी, देवक श्रीवास्तव के अलावा भाजपा से भूरी सिंह भदौरिया, श्याम दयाल शर्मा, रुमाल सिंह, संकेत सिंह, अवकेश गोलस, राजेंद्र, धर्मेंद्र और सत्यप्रकाश, सपा से बच्चू सिंह निषाद, महेश सिसोदिया, सौरभ शर्मा, विवेक शर्मा, नीरज चक और वीरेंद्र सिंह निषाद, बसपा से प्रभु दयाल और प्रेमी सिंह तथा भाईचारा पार्टी से होतम सिंह निषाद, रामभरत और रूप सिंह आदि मौजूद रहे।

