फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार मां-बेटी घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह हुए सड़क हादसे में पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार जानकी मिश्रा और शतासी मिश्रा घायल हो गईं। सूचना मिलने पर थाना डौकी पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार प्रयागराज निवासी योगेश मिश्रा अपनी मां जानकी मिश्रा, पत्नी ऋतु मिश्रा और पुत्री शतासी मिश्रा के साथ राजस्थान के वनस्थली से कार द्वारा प्रयागराज लौट रहे थे। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे थाना डौकी क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 13.200 पर पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार जानकी मिश्रा तथा शतासी मिश्रा घायल हो गईं।
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी प्रथम राधामोहन द्विवेदी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश कर रही है।

