आगरा। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने जिले के 12 स्ववित्तपोषित विद्यालयों की मान्यता स्वतः समाप्त मानी है। परिषद के अनुसार इन विद्यालयों से लगातार दो शैक्षिक सत्रों तक कोई छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हुआ अथवा नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं पाई गईं। परिषद के विनियमों के अनुसार ऐसी स्थिति में विद्यालय की मान्यता स्वतः समाप्त मानी जाती है।

जारी सूची में श्री हरि प्रसाद इंटर कॉलेज अछनेरा, एमए भगवती इंटर कॉलेज यूनिवर्सिटी एन्क्लेव फतेहाबाद रोड, डी प्रिंस गर्ल्स इंटर कॉलेज, संत उदयराज हायर सेकेंडरी स्कूल, चंपा कमल गर्ल्स इंटर कॉलेज किरावली, लक्ष्मी नारायण हाईस्कूल देवरी रोड, टीपी अधोया प्रसाद इंटर कॉलेज बलीपुरम शमशाबाद, बालमुकुंद एमपीएचएसएस नगला सवाला, अंगूरी देवी कन्या हाईस्कूल, एसआरसी सिंह हाईस्कूल बकालपुर, श्री मुंशी मोती सिंह हाईस्कूल इरादतनगर, तथा मां रामबेटी इंटरनेशनल यूनिट-1 कलिंदी विहार शामिल हैं।
परिषद का कहना है कि यह कार्रवाई निर्धारित नियमों के तहत की गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिन विद्यालयों में लंबे समय से छात्रों की भागीदारी और शैक्षणिक गतिविधियां नहीं मिल रही थीं, वे स्वतः इस श्रेणी में आ गए। इस निर्णय से अभिभावकों को विद्यालयों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सकेगी और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।
फिरोजाबाद और मैनपुरी के 15 विद्यालयों की मान्यता स्वतः समाप्त
फिरोजाबाद/मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने फिरोजाबाद और मैनपुरी जनपद के कुल 15 विद्यालयों की मान्यता स्वतः समाप्त मानी है। परिषद के अनुसार इन विद्यालयों से लगातार दो शैक्षिक सत्रों तक कोई छात्र बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित नहीं हुआ अथवा विद्यालयों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं पाई गईं। परिषद के विनियमों में ऐसी स्थिति में मान्यता स्वतः समाप्त होने का प्रावधान है।
फिरोजाबाद जनपद के जिन 9 विद्यालयों की मान्यता स्वतः समाप्त मानी गई है, उनमें वीएससी भदौरिया इंटर कॉलेज रुरिया, संत पीटर्स हाईस्कूल विजयपुर डबरई, बीएचएससीएनजी विद्यालय पाली कला, रश्मित्रा विद्यालय शिकोहाबाद, सीएचजेकेडी हाईस्कूल कोंडरा, श्री पारसनाथ इंटर कॉलेज परहम, संत ब्रह्मानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय नगला हरदेव, श्री शिव दयाल सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय रक्खावली तथा एस. यादव इंटर कॉलेज सराय चांदनपुर शामिल हैं।
वहीं मैनपुरी के 6 विद्यालयों में माया विमला देवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोल्हुराई गढ़शन, बीजीएचएस दौलपुर, एसजेबी इंटर कॉलेज नदराज रोड, लोक कल्याण इंटर कॉलेज रैपुर खास, राम सेवक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा भंवर सिंह जनता विद्यालय शामिल हैं।
परिषद का कहना है कि यह कार्रवाई नियमों के अनुरूप की गई है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इससे केवल सक्रिय और नियमित रूप से संचालित विद्यालय ही मान्यता प्राप्त संस्थानों की सूची में बने रहेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी।

