दिखा जादू का जलवा, ‘ड्रिल ऑफ डेथ’ देख दंग रह गए पत्रकार
सार
आगरा के ऐतिहासिक सूर सदन में आयोजित जादूगर ओपी शर्मा जूनियर के विशेष मैजिक शो ने पत्रकारों और उनके परिवारों को रोमांचित कर दिया। ताज प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल समेत शहर के कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। शो में दिखाए गए हैरतअंगेज करतबों, आधुनिक तकनीक और अंधविश्वास के खिलाफ दिए गए संदेश ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा।

आगरा। ताजनगरी के ऐतिहासिक सूर सदन में इन दिनों जादू की दुनिया के चर्चित नाम ओपी शर्मा जूनियर अपने हैरतअंगेज कारनामों से शहरवासियों को रोमांचित कर रहे हैं। शुक्रवार को ताज प्रेस क्लब के तत्वावधान में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए विशेष मैजिक शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सूर सदन का सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और पत्रकार भी जादू की दुनिया को देखकर हैरान रह गए।
कार्यक्रम का आगाज बेहद खास अंदाज में हुआ। जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने अपनी कला के जरिए हवा में अचानक फूलों की माला प्रकट कर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष बंसल और ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा का स्वागत किया। इसके बाद ताज प्रेस क्लब की ओर से जिलाधिकारी को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया, जबकि ओपी शर्मा जूनियर को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए सम्मान पत्र भेंट किया गया।

शो के दौरान प्रस्तुत किए गए ‘ड्रिल ऑफ डेथ’ और ‘तिलिस्मी चेहरा’ जैसे करतब दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बने। रोमांच और रहस्य से भरपूर इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। कई बार पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। करीब 43 हजार से अधिक हाउसफुल शो कर चुके ओपी शर्मा जूनियर इस बार 250 टन आधुनिक उपकरण और 150 सदस्यों की टीम के साथ आगरा पहुंचे हैं।
मैजिक शो में कम्प्यूटराइज्ड हिप्नोटिक लाइट, अल्ट्रा डिजिटल साउंड और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिसने पूरे आयोजन को और भव्य बना दिया। बच्चों से लेकर बड़े तक हर कोई शो के दौरान उत्साहित नजर आया। कार्यक्रम के अंत में दर्शकों में जादूगर के साथ सेल्फी और फोटो लेने की होड़ भी दिखाई दी।
शो के दौरान ओपी शर्मा जूनियर ने कहा कि जादू को किसी भी प्रकार दैवीय शक्ति, चमत्कार या अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। जादू पूरी तरह विज्ञान और तकनीक पर आधारित कला है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जादू को चमत्कार मानता है तो उसके ठगे जाने की संभावना बढ़ जाती है।
उन्होंने कहा कि जादू केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा और जागरूकता फैलाने का भी प्रभावी जरिया है। उनका कहना था कि तंत्र-मंत्र जैसी कोई चीज नहीं होती और जादू का इस्तेमाल लोगों को अंधविश्वास से दूर करने तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए होना चाहिए। उन्होंने सरकार से जादू कला को बढ़ावा देने और इसे पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए जाने की भी अपील की।
ताज प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए यह आयोजन यादगार रहा। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा जूनियर का शो केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि विज्ञान और कला का अद्भुत संगम है। ऐसे कार्यक्रम समाज को सकारात्मक संदेश देने का काम करते हैं।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि जादू एक बेहतरीन कला है, जिसे विज्ञान और तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि ओपी शर्मा जूनियर का शो लोगों को अंधविश्वास से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने पूरी टीम को शानदार प्रस्तुति के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम में आगरा के जाने-माने जादूगर अखिलेश जायसवाल और जतिन कुमार भी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में ताज प्रेस क्लब की पूरी टीम सक्रिय रही। इसमें महासचिव विवेक जैन, उपाध्यक्ष अजेंद्र चौहान, आदर्श नंदन गुप्त, डॉ. सज्जन सागर, कोषाध्यक्ष धीरज शर्मा, सचिव आलोक द्विवेदी, अनिल राणा, कार्यकारिणी सदस्य जगत नारायण शर्मा, अरुण रावत, मनीष जैन, राजेश शर्मा, राजेश दुबे, जय सिंह वर्मा, फरहान खान, वीरेंद्र इमेल, शीतल सिंह माया, शरद शर्मा और एसपी सिंह की विशेष भूमिका रही।
इसके अलावा प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व कोषाध्यक्ष डॉ. महेश धाकड़ और चतुर्भुज तिवारी समेत बड़ी संख्या में पत्रकार कार्यक्रम में मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

