आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से शुरू कर दी है। कुलपति प्रो. आशु रानी ने प्रेसवार्ता में बताया कि विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध 572 महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए छात्र अब मात्र 400 रुपये में 50 पाठ्यक्रमों और कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया गया है। छात्रों की सहायता के लिए वीडियो लिंक और हेल्पलाइन ई-मेल जारी की गई है। इस सत्र में छह नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका, रूस, यूक्रेन और अफ्रीकी देशों से भी विद्यार्थी प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं। विश्वविद्यालय ने बाहरी राज्यों और विदेशी छात्रों के लिए सुविधाओं में भी सुधार किया है।

आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया सोमवार से समर्थ पोर्टल पर शुरू कर दी। स्वामी विवेकानंद परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. आशु रानी ने प्रवेश प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस बार प्रवेश व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और छात्र हितैषी बनाने के लिए विशेष तैयारी के साथ आगे बढ़ा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के आवासीय संस्थानों, विभागों और संबद्ध 572 महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले छात्र अब एक ही पंजीकरण के जरिए 50 अलग-अलग पाठ्यक्रमों और कॉलेजों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को केवल 400 रुपये का पंजीकरण शुल्क देना होगा।
प्रेसवार्ता में कुलसचिव अजय कुमार मिश्रा, डीन अकादमिक प्रो. मनु प्रताप सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश, जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना, सहायक जनसंपर्क अधिकारी संदीप शर्मा और तरुण श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। कुलपति ने बताया कि समर्थ पोर्टल पर सभी पाठ्यक्रमों, पात्रताओं और महाविद्यालयों का पूरा विवरण उपलब्ध करा दिया गया है ताकि विद्यार्थियों को आवेदन करते समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने छात्रों से अपील की कि आवेदन भरने से पहले अपनी अपार आईडी अवश्य पूर्ण कर लें, क्योंकि इससे भविष्य में रिकॉर्ड संबंधी दिक्कतें नहीं आएंगी।
प्रो. आशु रानी ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है। इसी कारण इस बार आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और व्यवस्थित बनाया गया है। छात्रों की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय ने आधिकारिक वीडियो लिंक भी जारी किया है, जिसके माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सकता है। इसके अलावा किसी भी तकनीकी या अन्य समस्या के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन ई-मेल आईडी भी जारी की गई है, जहां विद्यार्थी अपनी समस्याएं भेज सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि इससे छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय या कॉलेजों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करना भी है। इसी दिशा में इस सत्र से छह नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों और बदलती रोजगार आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी छह नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए थे, जिनमें छात्रों की रुचि लगातार बढ़ रही है। विश्वविद्यालय आने वाले समय में और भी नए व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी कर रहा है।
विश्वविद्यालय की बढ़ती पहचान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई देने लगी है। कुलपति ने बताया कि नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका और विभिन्न अफ्रीकी देशों से लगभग 50 विदेशी विद्यार्थियों ने पूर्णकालिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन किया है। वहीं रूस और यूक्रेन सहित कई देशों के विद्यार्थी शॉर्ट टर्म कोर्स के लिए विश्वविद्यालय से लगातार जुड़ रहे हैं। विदेशी छात्रों के लिए आवास और अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है ताकि उन्हें अध्ययन के दौरान किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
प्रो. आशु रानी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बाहर के विद्यार्थियों की पात्रता से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान कर दिया गया है। अब अन्य राज्यों के छात्र सामान्य कटऑफ के आधार पर आसानी से प्रवेश ले सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से आवेदन स्वयं भरने की अपील करते हुए कहा कि नाम, जन्मतिथि, स्पेलिंग और अन्य विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें ताकि भविष्य में परीक्षा, अंकपत्र और डिग्री में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। साथ ही वर्तमान समय का स्पष्ट फोटो अपलोड करने की भी सलाह दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि समर्थ पोर्टल के जरिए शुरू की गई नई प्रवेश प्रक्रिया छात्रों के लिए अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और भरोसेमंद साबित होगी।
