फतेहाबाद। फतेहाबाद तहसील परिसर में सोमवार शाम तीन आवारा सांड आपस में भिड़ गए, जिससे परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। करीब आधे घंटे तक चली सांडों की लड़ाई में एक अधिवक्ता का बिस्तर टूट गया। घटना के बाद अधिवक्ताओं ने आवारा सांडों को लेकर नाराजगी जताई।

तहसील परिसर में सोमवार को तीन आवारा सांडों की लड़ाई से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सांडों के आपस में भिड़ने से तहसील परिसर में मौजूद लोगों और अधिवक्ताओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस दौरान एक अधिवक्ता का बिस्तर पूरी तरह टूट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 5:30 बजे तहसील परिसर में तीन आवारा सांड अचानक आपस में भिड़ गए। सांडों की लड़ाई के कारण तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने सांडों को भगाने का प्रयास भी किया, लेकिन इसके बावजूद सांड लगातार आपस में लड़ते रहे।
बताया गया कि करीब आधे घंटे तक सांडों के बीच लड़ाई चलती रही। इस दौरान अधिवक्ता श्रीप्रकाश तेनगुरिया का बिस्तर पूरी तरह टूट गया। घटना के बाद परिसर में मौजूद लोगों में भी भय का माहौल दिखाई दिया।
वहीं अधिवक्ताओं ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से आवारा सांडों को पकड़कर गौशाला भेजने के निर्देश पहले से दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद भी आवारा सांड खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

