आगरा। दहतोरा रोड स्थित ज्ञान इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक मॉडल के माध्यम से नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी समझ का शानदार प्रदर्शन किया। इस आयोजन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

दहतोरा रोड स्थित ज्ञान इंटर कॉलेज में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ पार्षद गौरव शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, मेहनत और नवाचार के महत्व के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि आज का विद्यार्थी ही देश का भविष्य है, इसलिए उन्हें वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, आधुनिक तकनीक और दैनिक जीवन से जुड़े कई वैज्ञानिक प्रयोग शामिल थे। इन मॉडलों को देखकर उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र करण राजपूत एवं प्रिया को पाँच हजार एक सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इससे अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार उपाध्याय ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में देश और समाज के लिए उपयोगी बन सकें।

इस अवसर पर असवा के जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा ने विद्यालय के समस्त स्टाफ, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को मजबूत करते हैं।

