आगरा। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर शनिवार को आगरा मेट्रो द्वारा ताज महल मेट्रो स्टेशन पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रदर्शनी और भाषण प्रस्तुतियों के माध्यम से तंबाकू के हानिकारक प्रभावों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें शांति मंगलिक कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने मेट्रो यात्रियों और स्टेशन पर मौजूद लोगों के बीच जाकर तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश दिया और तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में छात्राओं काजल, हिमानी और दीक्षा ने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि तंबाकू का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी नकारात्मक असर डालता है। उन्होंने इस वर्ष की थीम ‘निकोटीन एवं टोबेको एडिक्शन’ पर विशेष रूप से प्रकाश डालते हुए कहा कि तंबाकू की लत धीरे-धीरे गंभीर बीमारियों का कारण बनती है, जिनमें कैंसर और हृदय रोग का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

छात्राओं ने यह भी बताया कि आज के समय में युवाओं में वेपिंग और अन्य नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, जो भविष्य के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के तंबाकू उत्पादों से दूर रहें और अपने परिवार को भी इसके प्रति जागरूक करें।

इसी क्रम में अंशिका, तेजस्विनी और श्रेया द्वारा तंबाकू के दुष्प्रभावों पर बनाए गए पोस्टरों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इन पोस्टरों को कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से सराहा गया और कुछ उत्कृष्ट पोस्टरों को पुरस्कृत भी किया गया। पोस्टरों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि तंबाकू जीवन को धीरे-धीरे नष्ट करता है और इससे दूरी ही सुरक्षित भविष्य की कुंजी है।

कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा, जिसे राहुल, सुरभि, नेहा सहित अन्य छात्रों ने प्रस्तुत किया। इस नाटक के माध्यम से तंबाकू की लत से प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों के जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को बेहद प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। नाटक में यह दिखाया गया कि कैसे तंबाकू सेवन न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है बल्कि आर्थिक बोझ और पारिवारिक तनाव का कारण भी बनता है।
नाटक के अंत में यह संदेश दिया गया कि तंबाकू स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है और एक खुशहाल, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन के लिए इसका त्याग करना आवश्यक है। इस प्रस्तुति को मेट्रो यात्रियों और उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और छात्रों के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि आगरा मेट्रो के सभी स्टेशनों और ट्रेनों में तंबाकू का सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है। यदि किसी यात्री के पास तंबाकू उत्पाद पाए जाते हैं, तो उन्हें सुरक्षा जांच के दौरान तंबाकू ड्रॉप बॉक्स में जमा कराना अनिवार्य है और उल्लंघन की स्थिति में जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
यूपीएमआरसी द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान को यात्रियों और आम नागरिकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। लोगों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और युवाओं को सही दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि यूपीएमआरसी सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लगातार ऐसे अभियानों को बढ़ावा दे रहा है, जिनका उद्देश्य न केवल परिवहन सुविधा देना है बल्कि समाज में स्वस्थ और जागरूक जीवनशैली को प्रोत्साहित करना भी है। ऐसे प्रयासों से नशामुक्त समाज की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाया जा रहा है।
