कैंप कार्यालय आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन समिति के तहत जल जीवन मिशन फेज-4 के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में सतही स्रोत आधारित पेयजल योजना पैकेज-1 और पैकेज-2 के अंतर्गत पाइपलाइन, ओवरहेड टैंक, सीडब्ल्यूआर निर्माण, एनओसी लंबित मामलों, जल गुणवत्ता परीक्षण और भुगतान संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यदायी कंपनियों को प्रगति तेज करने और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया गया।
आगरा। कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन (जल जीवन मिशन, हर घर नल से जल) समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जल जीवन मिशन फेज-4 के अंतर्गत जनपद में संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की शुरुआत में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण अमित कुमार कटियार द्वारा सतही स्रोत आधारित पेयजल योजना आगरा के पैकेज-1 और पैकेज-2 के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें पाइपलाइन बिछाने की प्रगति, ओवरहेड टैंक निर्माण, सीडब्ल्यूआर तथा अन्य तकनीकी कार्यों की स्थिति की जानकारी दी गई।

इसके पश्चात कार्यदायी कंपनियों मैसर्स मेघा इंजीनियरिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, मैसर्स एनसीसी एपको (जेवी), तथा मैसर्स दारा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कार्य प्रगति संबंधी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया गया, जिसमें लक्ष्य के सापेक्ष कार्यों की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा दिया गया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मैसर्स मेघा इंजीनियरिंग एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा लक्ष्य के अनुरूप कार्य प्रगति न होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और कंपनी को मैनपावर तथा संसाधन बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी सामने आया कि रेलवे विभाग, पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, एनएचएआई, यूपीडा और सिंचाई विभाग द्वारा समय से एनओसी जारी न किए जाने के कारण कार्यों में विलंब हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी लंबित एनओसी प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यों में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर किया जा सके।
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के अंतर्गत महिलाओं को फील्ड टेस्टिंग किट के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिए जाने और उनसे जल परीक्षण कार्य कराए जाने की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि प्रत्येक महिला को प्रति परीक्षण प्रोत्साहन राशि दी जानी है, लेकिन कई मामलों में भुगतान लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुहैर बेग को लंबित भुगतान शीघ्र सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने हर घर जल योजना के अंतर्गत पंचायत भवनों, सरकारी स्कूलों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लक्षित स्थलों तक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कार्यदायी एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, ताकि परियोजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए और जनपद में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य समय से पूरा किया जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुहैर बेग, अधिशासी अभियंता जल निगम अमित कुमार कटियार, सहायक अभियंता सिंचाई विभाग, डीपीआरओ मनीष कुमार, पीडी डीआरडीए रेणु कुमारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार गोंड सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद के प्रत्येक घर तक स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाए, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार हो सके और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आए।

