आगरा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) आगरा कैंट ने सतर्कता दिखाते हुए ओडिशा के एक फरार आरोपी को कलिंग उत्कल एक्सप्रेस से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी देसी बम से हमले के गंभीर मामले में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए भुवनेश्वर से मथुरा भाग रहा था। आरपीएफ टीम ने सटीक सूचना के आधार पर ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया और बाद में ओडिशा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आरपीएफ थाना आगरा कैंट को शुक्रवार को ओडिशा के जटनी थाना से सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18477 कलिंग उत्कल एक्सप्रेस में एक वांछित आरोपी सवार है, जो मथुरा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक एस.के. झा के नेतृत्व में टीम सक्रिय हो गई। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही ट्रेन आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2 पर पहुंची, आरपीएफ ने तुरंत सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
तलाशी के दौरान ट्रेन के इंजन के पास लगे जनरल कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति बैठा मिला। टीम ने उपलब्ध फोटो से उसका मिलान किया, जो सही पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले अपना नाम-पता बताने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसे ट्रेन से उतारकर आरपीएफ थाने लाया गया, जहां कड़ी पूछताछ में उसने अपनी पहचान उजागर कर दी।
आरोपी की पहचान प्रणब कुमार मोहंती (30 वर्ष), निवासी ग्राम पदनपुर, थाना जटनी, जिला खुर्दा (ओडिशा) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि 6 मार्च को उसने अपने गांव में देसी बम से हमला किया था। इस हमले में दो लोग घायल हुए थे, जबकि एक 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और लगातार स्थान बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
आरपीएफ ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 4,460 रुपये नकद बरामद किए। आरोपी के खिलाफ थाना जटनी में मुकदमा संख्या 0119/26 दर्ज है, जिसमें गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
प्रभारी निरीक्षक एस.के. झा ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से पूर्व सूचना और सतर्कता के आधार पर की गई। आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ओडिशा पुलिस के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर मामले के आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

