-परिणाम के साथ खत्म होगा लंबा इंतजार, स्कूलों में सुबह से जुटेंगे विद्यार्थी
-परीक्षा तिथियों से लेकर परिणाम देखने तक की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट
-कंपार्टमेंट खत्म, अब दो विषयों में सुधार परीक्षा का मिलेगा अवसर
आगरा: आगरा में काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस के तहत 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों का इंतजार आज समाप्त होगा। सुबह 11 बजे परिणाम घोषित किए जाएंगे। जिले के करीब 16 स्कूलों के हजारों विद्यार्थी परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बार परीक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए कंपार्टमेंट परीक्षा समाप्त कर दी गई है और इसके स्थान पर पुनर्मूल्यांकन व सुधार परीक्षा का विकल्प दिया गया है।

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की प्रतीक्षा आखिरकार समाप्त होने जा रही है। परिषद गुरुवार को सुबह 11 बजे दोनों कक्षाओं के परिणाम जारी करेगा। परिणाम जारी होने की घोषणा के साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों की धड़कनें बढ़ गई हैं।
जिले में परिषद से संबद्ध करीब 16 स्कूल हैं। इन स्कूलों में इस वर्ष कक्षा 10वीं के करीब तीन हजार और कक्षा 12वीं के लगभग ढाई हजार विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद से सभी विद्यार्थी परिणाम जारी होने की प्रतीक्षा कर रहे थे।
परीक्षा तिथियों की बात करें तो कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च तक संचालित हुई थीं, जबकि कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 6 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। लंबी परीक्षा प्रक्रिया के बाद अब परिणाम घोषित होने जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों में उत्सुकता और तनाव दोनों का माहौल है।
परिणाम घोषित होने के दिन स्कूलों में सुबह से ही विद्यार्थियों की भीड़ जुटने की संभावना है। बड़ी संख्या में विद्यार्थी अपने विद्यालय पहुंचकर परिणाम देखेंगे, वहीं कई विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम का भी सहारा लेंगे।
परिणाम देखने के लिए विद्यार्थियों को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां कोर्स विकल्प में जाकर कक्षा 10वीं के लिए आइसीएसई और कक्षा 12वीं के लिए आइएससी का चयन करना होगा। इसके बाद विद्यार्थियों को अपना यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर और कैप्चा भरना होगा। विवरण दर्ज करते ही परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगा।
विद्यार्थी अपने परिणाम आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ परिणाम पोर्टल, करियर पोर्टल और डिजीलॉकर पोर्टल पर भी देख सकेंगे।
इस वर्ष परिषद ने परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव किया है। पारंपरिक कंपार्टमेंट परीक्षा को समाप्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर विद्यार्थियों को पुनर्मूल्यांकन और सुधार परीक्षा का विकल्प दिया जाएगा। छात्र उसी शैक्षणिक वर्ष में अधिकतम दो विषयों में सुधार परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
परिणाम घोषित होने के साथ ही विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय होगी और आगे की पढ़ाई की तैयारियों को गति मिलेगी।
