◆ आरबी पीजी कॉलेज में जनगणना प्रशिक्षण का डीएम ने किया निरीक्षण
◆ एत्मादपुर तहसील के प्रगणक व पर्यवेक्षकों का चल रहा है प्रशिक्षण कार्यक्रम
◆ जनगणना कार्य शत-प्रतिशत डिजिटल प्रणाली से पूरा करने पर जोर
आगरा। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आरबी पीजी कॉलेज कालिंदी विहार में चल रहे तहसील एत्मादपुर के प्रगणक व पर्यवेक्षकों के जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत डिजिटल (CMMS पोर्टल) माध्यम से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। डीएम ने आमजन से स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से घर बैठे पंजीकरण कर राष्ट्रीय जनगणना कार्य में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आरबी पीजी कॉलेज कालिंदी विहार में चल रहे तहसील एत्मादपुर के प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनगणना कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी और पूरी तरह डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संपन्न कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और फील्ड में कार्य के दौरान इसका पूर्ण पालन करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी आंकड़ों का संकलन CMMS पोर्टल के माध्यम से रियल टाइम डिजिटल तरीके से किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रगणक एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से 06 मई तक सभी तहसीलों में आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद 07 मई से 21 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात 22 मई से 20 जून तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं सर्वे का कार्य करेंगे।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ‘स्व-गणना पोर्टल’ डाउनलोड कर घर बैठे पंजीकरण करें और इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सटीक जनगणना से ही भविष्य की योजनाएं बेहतर ढंग से बनाई जा सकेंगी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिलेगा।

जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण दे रहे मास्टर ट्रेनर्स को भी निर्देश दिए कि वे प्रगणकों को पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से समझाएं और किसी भी शंका का तुरंत समाधान करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण की गुणवत्ता ही आगे के कार्य की सफलता तय करेगी।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं जिला जनगणना अधिकारी शुभांगी शुक्ला ने बताया कि प्रशिक्षण स्मार्ट क्लास रूम में फील्ड ट्रेनर्स द्वारा दिया जा रहा है और इसकी मॉनिटरिंग उप जिलाधिकारी स्तर पर की जा रही है। सभी डेटा रियल टाइम में सर्वर पर अपलोड किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि तहसील एत्मादपुर में कुल 800 प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाना है, जिसे 50-50 के बैच में आयोजित किया जा रहा है।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित कुमार, तहसीलदार एवं मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

