• Sat. Apr 18th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Fatehabad News: बिजली बिल विवाद पर भाकियू का फतेहाबाद में जोरदार धरना, किसानों ने उठाई सप्लाई और बिल सुधार की मांग

Farmers of village Pura Jatav in Fatehabad Agra staging protest outside SDM office under Bhartiya Kisan Union Chaudhary Charan Singh over electricity bill disputes and power disconnection issuesएसडीओ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करते ग्रामीण
Spread the love

फतेहाबाद। तहसील फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पुरा जाटव में बिजली बिलों में गड़बड़ी और कनेक्शन कटने के विरोध में शनिवार को किसानों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान शामिल हुए। किसानों ने आरोप लगाया कि बिजली कनेक्शन कटने के बावजूद विभाग द्वारा लगातार भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण सिंह के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह गुर्जर के नेतृत्व में किसानों ने एसडीओ कार्यालय के बाहर फर्श डालकर धरना शुरू किया। किसानों का कहना था कि उनके घरों में बहुत कम बिजली उपयोग होती थी, केवल एक बल्ब जलता था, इसके बावजूद विभाग ने लाखों रुपये तक के बिल भेज दिए। इससे ग्रामीण आर्थिक रूप से परेशान हैं।

किसानों ने बताया कि करीब दो महीने पहले गांव के कई घरों की बिजली सप्लाई काट दी गई थी। इस संबंध में पूर्व में बिजली विभाग को ज्ञापन भी दिया गया था, जिसमें आश्वासन मिला था कि जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसी कारण ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन शुरू किया।

धरने के दौरान किसानों ने मांग की कि सभी बिजली बिलों की जांच कर उन्हें सही किया जाए और जिन घरों के मीटर खराब हैं, उनकी जांच कर बदला जाए। किसानों ने कहा कि जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।

जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह गुर्जर ने बताया कि अधिशासी अभियंता के साथ हुई बातचीत में कुछ मांगों पर सहमति बनी है। इसमें बिलों की जांच, सही बिल जमा करने के बाद सप्लाई बहाल करने और खराब मीटरों की जांच शामिल है। इसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया।

धरने में तहसील प्रभारी फतेहाबाद सचिन सिंह, रामबाबू, बहादुर सिंह, मोहर सिंह, प्रधान राजेंद्र सिंह, मातप्रसाद, महाराज सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वहीं अधिशासी अभियंता तृतीय फतेहाबाद शैलेंद्र कटियार ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा कर दिए हैं, उनकी बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिल जमा नहीं किए हैं, उनकी सप्लाई फिलहाल बंद है और बकाया भुगतान के बाद ही कनेक्शन बहाल किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *