आगरा। राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत चौथे दिन मतदान जागरूकता रैली निकालकर लोगों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के पालीवाल पार्क परिसर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिवस का प्रारम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
चौथे दिन आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मतदान जागरूकता रैली निकाली गई, जो पालीवाल पार्क, गाँधीनगर और फ्रीगंज क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना के 100 से अधिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया और लोकतंत्र में मताधिकार के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से मतदान करने की अपील की।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “आपातकाल के 50 वर्ष – भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” रखा गया। प्रतियोगिता में स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए लोकतंत्र, संविधान और आपातकाल के ऐतिहासिक संदर्भों पर अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान की शिक्षिकाएं डॉ. रेखा माथुर, डॉ. प्राची अग्रवाल और सुश्री माधुरी कौशिक रहीं, जिन्होंने प्रतिभागियों के विचार, प्रस्तुति और विषय की समझ के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।
शिविर के दौरान विभिन्न शैक्षणिक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनोज सिंह राठौर और डॉ. नीरज कुशवाहा के साथ डॉ. आयुष मंगल, डॉ. आभा सिंह, डॉ. भरत सिंह, सुश्री इति गोस्वामी तथा वरिष्ठ स्वयंसेवक निखिल, नंदिनी, अमन, अनुराग, शुभम, अंशुल, अयान, युवराज, प्रियांशु चौधरी, शौर्य सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे और कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

