• Fri. Apr 17th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा, बच्चों में डायरिया से मृत्यु दर कम करने पर जोर

Officials and health workers attending the quarterly review meeting of ‘Diarrhea Se Dar Nahin’ program in Agra to reduce child mortality and promote diarrhea management.Diarrhea Se Dar Nahin’ program quarterly review meeting, Agra
Spread the love

आगरा: स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार और डिप्टी सीएमओ आरसीएच डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने की।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया से होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

डिप्टी सीएमओ आरसीएच डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत आशा कार्यकर्ताओं, आशा संगिनी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को पीएसआई इंडिया के सहयोग से प्रशिक्षित किया गया है। इसके साथ ही ‘डायरिया रोको अभियान’ (स्टॉप डायरिया कैम्पेन) के दौरान ई-रिक्शा के माध्यम से डायरिया से बचाव और प्रबंधन के बारे में प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्थानों पर दीवार लेखन कराया गया है, रैली निकाली जाएगी और स्कूल गतिविधियों में पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में डायरिया से बचाव के संदेश पहुंचाए गए हैं। डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने कहा, “ज़िंक-ओआरएस के साथ डायरिया से डर नहीं।”

एनयूएचएम के नोडल अधिकारी डॉ. ऋषि गोपाल शर्मा ने कहा कि डायरिया की पहचान समय पर होना और आवश्यक उपचार मुहैया कराना अत्यंत आवश्यक है। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों — आशा, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, डीपीएम, डीसीपीएम, बीपीएम, बीसीपीएम, एमओ आईईसी एवं अर्बन समन्वयक को आईईसी वितरित की गई।

समीक्षा बैठक में पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि बिभीषण ने अब तक की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। हेल्थ मैनेजमेंट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) की रिपोर्ट की समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) कुलदीप कुमार ने रिपोर्टिंग में सुधार पर चर्चा की और डीसीपीएम डॉ. विजय सिंह ने बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया।

शहरी स्वास्थ्य समन्वयक आकाश ने डायरिया कार्यक्रम के तहत की जाने वाली गतिविधियों से होने वाले सुधारों पर चर्चा की और यूपीएचसी पर बनाए गए ओआरएस एवं ज़िंक कार्नर पर विशेष ध्यान दिया।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की डॉ. दिव्या यादव, डॉ. महिमा चौधरी, इरशाद, अफज़ल, एमओआईसी, जिला महिला अस्पताल के प्रतिनिधि, बीसीपीएम और पीएसआई से पंकज कुमार, आरती, सोनल उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *