• विश्वविद्यालय परिसर में वृहद रोजगार मेले का आयोजन
• 41 कंपनियों ने युवाओं को दिए रोजगार अवसर
• 2670 अभ्यर्थियों में से 1557 का चयन
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद (खंदारी) परिसर में वृहद रोजगार मेला 2026 का आयोजन किया गया, जिसमें 41 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए। इस मेले में 2670 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1557 का चयन विभिन्न पदों पर हुआ। आयोजन के माध्यम से युवाओं को न केवल नौकरी के अवसर मिले, बल्कि उनके कौशल विकास और करियर निर्माण को भी नई दिशा मिली।

प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा ने स्वामी विवेकानंद (खंदारी) परिसर में वृहद रोजगार मेला 2026 का भव्य आयोजन किया, जिसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा। विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मेले का उद्घाटन जेपी सभागार में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, कुलसचिव अजय मिश्रा तथा सहायक निदेशक क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चंद्रचूड़ दुबे द्वारा किया गया। कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के लिए अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों, विशेषकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल स्किल्स और व्यावसायिक दक्षताओं में निपुणता हासिल करने का आह्वान किया।

उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही एआई आधारित पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की दिशा में कार्य कर रहा है, जिससे विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार किया जा सके। साथ ही उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए बताया कि हाल ही में घोषित GATE परीक्षा परिणाम में विश्वविद्यालय के 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जो संस्थान की गुणवत्ता का परिचायक है।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि आगरा के किसी सरकारी विश्वविद्यालय में इस स्तर पर रोजगार मेले का आयोजन पहली बार देखा गया है, जो प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने करियर को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस रोजगार मेले में लगभग 41 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें आगरा, नोएडा, गुरुग्राम तथा एनसीआर क्षेत्र की कंपनियां शामिल रहीं। विभिन्न कंपनियों ने हॉस्पिटैलिटी, हेल्थकेयर, रिटेल, बैंकिंग, आईटी और तकनीकी क्षेत्रों में सैकड़ों पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए। साक्षात्कार प्रक्रिया विश्वविद्यालय के विभिन्न संस्थानों—दाऊदयाल व्यावसायिक शिक्षण संस्थान, स्कूल ऑफ लाइफ साइंस, सेठ पदम चंद जैन संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस तथा विवेकानंद इन्क्यूबेशन सेंटर—में संपन्न हुई, जहां अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया।

मेले में लगभग 2670 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 1557 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न पदों पर किया गया। चयन प्रक्रिया में विभिन्न कंपनियों ने अपने-अपने मानकों के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। दाऊदयाल संस्थान में पुष्पांजलि हॉस्पिटल द्वारा 10 पदों तथा उजाला सिग्नस रैनबो हॉस्पिटल द्वारा 50 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए। अन्य केंद्रों पर भी प्रबंधन, तकनीकी एवं सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किए।

इस मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक एवं प्रोफेशनल डिग्रीधारक अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध रहे। पंजीकरण केंद्र यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल में स्थापित किया गया, जहां अभ्यर्थियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोऑर्डिनेटर प्रो. अनिल गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय में लगातार प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जा रही हैं और हाल ही में सात कंपनियों में 85 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा मेहता द्वारा किया गया तथा अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रो. ब्रजेश रावत ने किया। डीन छात्र कल्याण प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा सहित ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के डॉ. रत्ना पांडेय, डॉ. मीनाक्षी चौधरी, डॉ. अमित साहू, डॉ. श्वेता चौधरी, इंजी. मनीष दीक्षित एवं डॉ. मनोज यादव सहित विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग, प्रशासन और सेवायोजन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मेले को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

समापन अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। यह वृहद रोजगार मेला युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे विश्वविद्यालय की पहचान एक अवसर और नवाचार के केंद्र के रूप में और मजबूत हुई।

