• Thu. Apr 23rd, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का परचम राष्ट्रीय मंच पर, यूथ फेस्टिवल में 4 पुरस्कार जीतकर छात्रों ने रचा इतिहास

Students of Dr Bhimrao Ambedkar University Agra being felicitated by the Vice Chancellor after winning awards at the National Youth Festival UNIFESTयूथ फेस्टिवल में विजेता छात्रों को कुलपति ने सम्मानित किया
Spread the love

आगरा। आगरा स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छात्रों ने चेन्नई में आयोजित 39वें इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल 2025–26 (UNIFEST) में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए।

एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की 16 सदस्यीय टीम ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. आशु रानी ने विजेता छात्रों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई स्थित सत्यभामा इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित 39वें इंटर यूनिवर्सिटी नेशनल यूथ फेस्टिवल 2025–26 (UNIFEST) में चार राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। यह आयोजन एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (AIU) द्वारा किया गया था, जिसमें देशभर के 156 विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक प्रतिभागियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

इस प्रतियोगिता में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की 16 सदस्यीय टीम ने भाग लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत वेस्टर्न सोलो सांग में ललित कला संस्थान के छात्र अनुज बघेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार वेस्टर्न ग्रुप सांग प्रतियोगिता में भी विश्वविद्यालय की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया, जिसमें अनुज बघेल, माधव शर्मा, रियान खान, आर्ची, पार्थ तथा आर्य (ललित कला संस्थान) शामिल रहे।

माइम (मूक अभिनय) प्रतियोगिता में आगरा कॉलेज के छात्रों आयुष कुमार, हर्षित गोला, युग तिवारी, माधवी भदौरिया, सुहानी तथा दिव्यांशी ने प्रभावशाली प्रस्तुति देते हुए चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं कोलाज प्रतियोगिता में बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय की छात्रा खुशी जैन ने पंचम स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ी।

इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के बाद विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. आशु रानी ने सभी विजेता छात्रों एवं टीम के सदस्यों को आमंत्रित कर सम्मानित किया। उन्होंने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय सदैव छात्रों को उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने के लिए प्रोत्साहित करता रहेगा और भविष्य में भी ऐसे अवसर प्रदान करता रहेगा।

कुलसचिव अजय कुमार मिश्रा ने सभी विजेता छात्रों एवं टीम को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. भूपेंद्र स्वरूप शर्मा ने भी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सांस्कृतिक विभाग से जुड़े पुरुषोत्तम मयूरा, देवाशीष गांगुली एवं दीपक कुलश्रेष्ठ भी उपस्थित रहे।

इस राष्ट्रीय स्तर के महोत्सव में विश्वविद्यालय की टीम का नेतृत्व डॉ. मनोज कुमार, उपनिदेशक ललित कला संस्थान, एवं डॉ. प्रिया यादव, असिस्टेंट प्रोफेसर गृह विज्ञान संस्थान द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय परिवार ने सभी विजेता प्रतिभागियों को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए इसे गर्व का क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *