आगरा। बेसिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में खेरागढ़ ब्लॉक में आयोजित प्रधान संगोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षक और बच्चों के प्रयासों को सराहा गया। शिक्षा के विकास के पथ पर सामुदायिक और ग्राम प्रधानों की भूमिका पर चर्चा करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी खेरागढ़ महेशचंद के निर्देशन में आयोजित इस संगोष्ठी की अध्यक्षता रामकुमार प्रधान ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खेरागढ़ नगर पंचायत चेयरमैन सुधीर गर्ग रहे। सभी ग्राम प्रधान और प्रबंध समिति के अध्यक्षों का माला और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन सुधीर गर्ग द्वारा सरस्वती माता पर दीप प्रज्वलन से किया गया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यालय समाज का दर्पण है। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों और एसएमसी सदस्यों को विद्यालय तथा शिक्षकों का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। एसएमसी सदस्यों के उन्मुखीकरण हेतु सन्दर्भदाता उमेश चंद ने समिति के गठन की जानकारी दी। सत्यपाल सिंह ने डीबीटी की प्रक्रिया समझाई और डॉ. सतीश कुमार ने समिति के महत्व और कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में एआरपी संतोष कुमार ने निपुण भारत मिशन की जानकारी दी। शिक्षक रंजीत सिंह ने कायाकल्प योजना और एसआरजी मीना सिंह ने बालिका शिक्षा पर विस्तार से चर्चा की। डायट मेंटर डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने खेरागढ़ ब्लॉक की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उपलब्धियों का उल्लेख किया और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
खंड शिक्षा अधिकारी महेशचंद ने सभी ग्राम प्रधानों का सम्मान किया और कार्यक्रम में भाग लेने के लिए उनका धन्यवाद दिया। इसी अवसर पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए परिषदीय विद्यालयों के 78 विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही उनके 30 मार्गदर्शक शिक्षकों को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सूरज शर्मा, अध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया। कार्यक्रम की रूपरेखा एआरपी सौरभ शर्मा और अजय कुमार द्वारा बनाई गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक कुमार, लेखराज सिंह, गीता सहित अन्य शिक्षकों तथा अमीर आजम, जयवीर सिंह और गौरव लवानियां सहित शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।
इस प्रकार खेरागढ़ ब्लॉक में आयोजित यह संगोष्ठी और प्रतिभा सम्मान समारोह शिक्षकों के मान और बच्चों की उपलब्धियों को राष्ट्रीय शिक्षा दिशा में प्रेरणा देने वाला साबित हुआ।
————————
ये खबर भी पढ़ें
डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आगरा में आज डीएलएड प्रशिक्षुओं के लिए रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए संस्थान के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से प्रशिक्षुओं में छिपी प्रतिभा को जानने और उन्हें प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

आज आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में डीएलएड बैच 2025-27 की काजल कुशवाह ने प्रथम, शालू ने द्वितीय तथा धड़कन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में शहासुद्दीन, कुमकुम, भूमिका एवं अर्चना के समूह ने प्रथम, शबनम, सिम्मी अब्बासी, तनीषा एवं गुंजन सागर के समूह ने द्वितीय तथा प्रियंका सोनी, वंदना, अंजली सिंह एवं संजना के समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम प्रभारी कल्पना सिन्हा एवं डॉ प्रज्ञा शर्मा ने प्रतिभाग करने वाले सभी प्रशिक्षुओं का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सेवा पूर्व प्रभारी यशवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय, अनिल कुमार, हिमांशु सिंह, अबु मोहम्मद आसिफ, यशपाल सिंह, रचना यादव, रंजन पांडे सहित अन्य का विशेष सहयोग रहा।

निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन प्रवक्ता संजीव कुमार सत्यार्थी, पुष्पेंद्र सिंह और डॉ दिलीप कुमार गुप्ता ने किया। प्रतियोगिता में प्रशिक्षुओं ने अपनी कला और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे कार्यक्रम सफल एवं मनोहर बना।

