आगरा। चकरोड़ पर अवैध कब्जे की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाने और मिट्टी भराई का काम शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके लिए बीडीओ अछनेरा, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी अछनेरा और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचने को कहा। वहीं, श्मशान भूमि की पैमाइश लंबे समय से लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाई और राजस्व टीम को मौके पर जाकर पैमाइश कराने के निर्देश दिए।

शुक्रवार को तहसील किरावली में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं होना चाहिए, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की जानकारी दें।
चकरोड़ पर कब्जे की शिकायत लगातार मिलने पर अधिकारियों को बुलाया
समाधान दिवस में पुष्पेंद्र कुमार पुत्र हरिशंकर शर्मा और कृष्णमुरारी पुत्र मिश्रीलाल ने चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत की। शिकायतकर्ताओं का कहना था कि इस संबंध में लगातार शिकायतें किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। चकरोड़ पर कब्जे के कारण रास्ते को लेकर परेशानी बनी हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल तलब किया। उन्होंने बीडीओ अछनेरा, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी अछनेरा और राजस्व टीम को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर चकरोड़ की पैमाइश कराने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कब्जा हटवाकर रास्ते पर मिट्टी भराई का काम पूरा कराने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।
श्मशान भूमि की पैमाइश नहीं होने पर लेखपाल को फटकार
गांव नगला मंशा निवासी कमल सिंह ने श्मशान भूमि की पैमाइश लंबित होने की शिकायत की। इस मामले में लंबे समय से पैमाइश नहीं होने की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित लेखपाल को फटकार लगाते हुए राजस्व टीम को मौके पर जाकर श्मशान भूमि की पैमाइश कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है कि वह मौके पर जाकर अभिलेखों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे, जिससे विवाद का समाधान हो सके।

मुआवजा और खेत की मेड़ काटने की शिकायतें भी पहुंचीं
संपूर्ण समाधान दिवस में मुआवजा, चकरोड़ पर अवैध कब्जा, भूमि की पैमाइश, पड़ोसी द्वारा खेत की मेड़ काटने, पेंशन और अन्य समस्याओं से संबंधित शिकायतें भी आईं। जिलाधिकारी ने इन मामलों में संबंधित अधिकारियों को बुलाकर शिकायतों की जानकारी ली और त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिस मामले में मौके पर जांच की जरूरत है, वहां संबंधित अधिकारी टीम के साथ पहुंचकर जांच करें।
शिकायतकर्ता से बात कर बताएं निस्तारण की स्थिति
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क करें और उससे बातचीत कर समस्या की पूरी जानकारी लें। इसके बाद जरूरत के अनुसार स्थलीय निरीक्षण कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायत का निस्तारण होने के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी जरूर दी जाए, ताकि उसे पता चल सके कि उसकी समस्या पर क्या कार्रवाई हुई है। निस्तारण आख्या में पूरे घटनाक्रम और की गई कार्रवाई का विवरण दर्ज किया जाए। इसके बाद रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड की जाए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच एवं निस्तारण कराने के निर्देश उप जिलाधिकारी को दिए।
150 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 150 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 15 शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से संबंधित 80, पुलिस एवं राजस्व विभाग से संबंधित 10, चकबंदी विभाग की दो, पुलिस विभाग की 15, विकास विभाग की 10, विद्युत विभाग की तीन और अन्य विभागों से संबंधित 30 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, चकरोड़ निर्माण, अतिक्रमण और नाली निर्माण से जुड़े मामले प्रमुख रूप से शामिल थे।https://todaynewstrack.com/agra-villagers-complain-about-road-encroachment-dm-sends-team-kirawali-up-today-newstrack/
ये अधिकारी रहे मौजूद
संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, उप जिलाधिकारी सौम्य मिश्रा, एसीपी शैलेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार वंदना और ऋषभ दुबे, उपनिदेशक कृषि मुकेश कुमार, डीडी पीआरडीए रेणु कुमारी, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार, एमओआईसी डॉ. राघवेंद्र सिंह और डॉ. राजकमल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
