आगरा। विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु 22 फरवरी 2026 को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आगरा कॉलेज में बने मतदेय स्थल संख्या 256, 257, 258, 259 तथा हिलमैन पब्लिक स्कूल में बने मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीएलओ वीना शर्मा, विजय प्रताप एवं जाकिर हुसैन से अभियान की प्रगति एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के निर्देशानुसार भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा मतदाता सूची को शुद्ध करने के उद्देश्य से चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में पूर्व में 11 जनवरी, 18 जनवरी एवं 31 जनवरी 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा चुके हैं। उक्त श्रृंखला के तहत रविवार, 22 फरवरी 2026 को चौथा विशेष अभियान दिवस संपन्न हुआ।
विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदेय स्थलों पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे तथा मतदाता हेल्प डेस्क पर सक्रिय रहकर दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ के पास 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची तथा फार्म 6, 6A, 7 एवं 8 की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मतदान केंद्रों पर स्थापित हेल्प डेस्क की व्यवस्था का भी जायजा लिया और मतदाताओं को फार्म भरने में आवश्यक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से संवाद किया तथा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), वार्ड सभासदों एवं ग्राम प्रधानों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे पात्र नागरिक जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, वे अपने निकटतम मतदेय स्थल पर पहुंचकर फार्म-6 निःशुल्क प्राप्त कर रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर, आयु प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण तथा परिवार के किसी सदस्य के EPIC/मतदाता फोटो पहचान-पत्र की छायाप्रति संलग्न कर फार्म जमा कर सकते हैं। जो मतदाता स्थायी रूप से अन्यत्र चले गए हैं अथवा जिनकी मृत्यु हो चुकी है, उनके संबंध में फार्म-7 भरा जाएगा। वहीं किसी प्रकार के संशोधन के लिए मतदाता फार्म-8 भरकर आवश्यक साक्ष्यों सहित संबंधित मतदेय स्थल अथवा तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र पर जमा कर सकते हैं।
