आगरा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देश पर रविवार को शिवाजी मंडपम सभागार/प्रेक्षागृह, खंदारी कैम्पस, आगरा में बृहद विधिक साक्षरता/सेवा शिविर (मेगा शिविर) का आयोजन किया गया।
मा. न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर, प्रशासनिक न्यायमूर्ति (सत्र खंड आगरा), उच्च न्यायालय इलाहाबाद के कर कमलों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर शिविर का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक तथा जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी भी उपस्थित रहे। उद्घाटन के उपरांत अतिथियों ने शिविर में लगाए गए सभी विभागों की स्टॉलों का निरीक्षण कर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का संचालन ज्ञानेंद्र राव, अपर जिला जज द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि मा. न्यायमूर्ति जे.जे. मुनीर ने मध्यस्थता अभियान के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए वैकल्पिक विवाद निस्तारण की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात जनपद न्यायाधीश संजय कुमार मलिक ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की और पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
शिविर में एक पहल एनजीओ द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीणा वादन के साथ म्यूजिक थैरेपी का प्रदर्शन किया गया। राजकीय संप्रेक्षण गृह, किशोर आगरा के किशोरों ने ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ नाटक का मंचन कर सामाजिक संदेश दिया। आगरा कॉलेज, आगरा के एनसीसी के छात्र-छात्राओं ने शिविर में आए लाभार्थियों को विभिन्न स्टॉलों तक मार्गदर्शन प्रदान किया।
समापन अवसर पर अमरजीत, अपर जिला जज ने डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय, आगरा के सहयोग एवं समस्त कर्मचारीगण के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शिविर का समापन किया।
शिविर में लारा कोर्ट, एमएसीटी कोर्ट, फैमिली कोर्ट एवं कमर्शियल कोर्ट के पीठासीन अधिकारीगण सहित रामबदन सिंह, अपर पुलिस आयुक्त; रेनू कुमारी, जिला विकास अधिकारी; अरुण कुमार श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी; ऋषिकेश बनर्जी, प्रबंधक/लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर, केनरा बैंक; अतुल कुमार सोनी, डीपीओ; कैलाश विंद, डिप्टी रजिस्ट्रार, डॉ. भीम राव आंबेडकर महाविद्यालय, आगरा; डॉ. राजीव वर्मा, प्रोफेसर, विधि विभाग; पीयूष दूबे, डॉ. भीमराव आंबेडकर महाविद्यालय; हिम्मत सिंह, अधिवक्ता/पैनल, डॉ. भीम राव आंबेडकर महाविद्यालय; दिव्यांग विभाग, समाज कल्याण विभाग, जिला एवं केंद्रीय कारागार, नेडा, मिशन शक्ति, परिवहन विभाग, आरटीओ, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मेगा विधिक सेवा शिविर में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विधिक सहायता संबंधी जानकारी प्राप्त की।

