आगरा: एस.एन. मेडिकल कॉलेज के फार्माकोलॉजी विभाग द्वारा ‘फार्माकोविजिलेंस’ विषय पर 23 फरवरी (सोमवार) को एक महत्वपूर्ण निरंतर चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। यह शैक्षणिक कार्यक्रम एस.एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा के लेक्चर थिएटर-2 (LT-2) में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फार्माकोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष (HOD) एवं फार्माकोविजिलेंस समन्वयक डॉ. अलका यादव करेंगी। डॉ. अलका यादव ने बताया कि इस कार्यशाला का उद्देश्य चिकित्सकों और संकाय सदस्यों को दवाओं के प्रतिकूल प्रभावों (Adverse Drug Reactions) की निगरानी तथा उनकी रिपोर्टिंग के वैश्विक मानकों से अवगत कराना है। उन्होंने कहा कि दवाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना चिकित्सा जगत की सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सीएमई में कॉलेज के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ चिकित्सक भी भाग लेंगे और फार्माकोविजिलेंस के व्यावहारिक पहलुओं पर अपने विचार साझा करेंगे। यह आयोजन चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और रोगी सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सार्थक कदम माना जा रहा है।
