आगरा: एत्मादपुर क्षेत्र की धौरऊ ग्राम पंचायत में स्थित बृहद गौशाला का शनिवार को जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गोवंश के संरक्षण, देखभाल और व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शनिवार को विधायक एत्मादपुर डॉ. धर्मपाल सिंह, मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने संयुक्त रूप से गौशाला का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गौशाला परिसर में गोवंश के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई, ठंड से बचाव और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान गौवंश के लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा, दाना, चोकर और पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता पाई गई।
ठंड के मौसम को देखते हुए टीन शेड के चारों ओर त्रिपाल लगी हुई पाई गई, जिससे गोवंश को सर्दी से बचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हुई। गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक पाई गई। मंडलायुक्त ने स्वयं गौवंश को हरा चारा और गुड़ खिलाया तथा मौके पर मौजूद सेवादारों से चारा वितरण और साफ-सफाई की नियमितता के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और केयरटेकर को निर्देश दिए गए कि गौशाला का संचालन सुचारु रूप से किया जाए और गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों का नियमित निरीक्षण कर स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार और अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी एत्मादपुर सुमित कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीके पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी और सेवादार भी मौजूद रहे।
#AgraNews #Etmadpur #GaushalaInspection #CowWelfare #UPAdministration #AnimalHusbandry




.jpeg)