आंबेडकर विश्वविद्यालय के प्रबंधन संस्थान में डेटा एनालिसिस पर व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटरैक्टिव डैशबोर्ड और डेटा विजुअलाइजेशन की दी जानकारी
आगरा। आंकड़ों को समझकर सही व्यावसायिक निर्णय लेने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सेठ पदम चंद जैन प्रबंधन संस्थान (SPCJIM) में शनिवार को डेटा एनालिसिस यूजिंग पावर बीआई विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। AISkool (AI Shiksha Learning LLP) के सहयोग से आयोजित कार्यशाला में 46 प्रतिभागियों को डेटा प्रिपरेशन, डेटा विजुअलाइजेशन और इंटरैक्टिव डैशबोर्ड तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।https://todaynewstrack.com/2026/10/students-learn-data-analysis-agra-up-news/
कार्यशाला में AISkool के ध्रुव अग्रवाल और कनिष्क मित्तल ने विद्यार्थियों को माइक्रोसॉफ्ट पावर बीआई के विभिन्न टूल्स और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डेटा को व्यवस्थित करने, विभिन्न चार्ट और ग्राफ के माध्यम से आंकड़ों को प्रस्तुत करने तथा वास्तविक व्यावसायिक परिस्थितियों में डेटा का उपयोग करने के तरीके समझाए गए।

विद्यार्थियों ने अपने लैपटॉप पर अभ्यास करते हुए सीखा कि जटिल आंकड़ों को सरल और प्रभावशाली दृश्य रूप में कैसे प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्हें इंटरैक्टिव डैशबोर्ड के माध्यम से आंकड़ों का विश्लेषण कर उपयोगी निष्कर्ष निकालने की जानकारी भी दी गई। इसका उद्देश्य डेटा आधारित व्यावसायिक निर्णय लेने के लिए विद्यार्थियों के जरूरी कौशल विकसित करना था।
उल्लेखनीय है कि AISkool विश्वविद्यालय के विवेकानंद इनक्यूबेशन फाउंडेशन (VIF) के अंतर्गत इनक्यूबेटेड संस्था है। विश्वविद्यालय की ओर से इसे संबद्ध महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमेशन और उभरती तकनीकों से जुड़े प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करने के लिए अनुशंसित किया गया है।

कार्यशाला का समन्वय डॉ. श्वेता चौधरी ने किया। इस अवसर पर डॉ. रुचिरा प्रसाद, डॉ. जागृति असीजा और सुश्री लकी आर्या उपस्थित रहीं।
