आगरा। ऑल प्रोग्रेसिव टीचर्स एसोसिएशन (आप्टा) की ओर से शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 21 शिक्षकों को ‘शिक्षक रत्न 2026’ सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। समारोह 13 सितंबर को संजय प्लेस स्थित हॉलिडे इन होटल में आयोजित होगा। कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन संजय प्लेस स्थित आहार रेस्टोरेंट में आयोजित बैठक में किया गया। आगरा मंडल के चयनित शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य, विद्यार्थियों के प्रति समर्पण और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम संयोजक एवं संस्थापक डॉ. सुनील उपाध्याय ने बताया कि आप्टा का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है, जो शिक्षण कार्य के साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उनके बेहतर भविष्य के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी उद्देश्य के तहत इस वर्ष आगरा मंडल के 21 शिक्षकों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में शिक्षकों के पिछले वर्षों के कार्य, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान, विद्यार्थियों के प्रति व्यवहार, समर्पण और मेहनत को प्रमुख आधार बनाया गया।

शिक्षकों के चयन के लिए आठ सदस्यीय टीम गठित की गई थी। टीम ने विभिन्न मानकों के आधार पर शिक्षकों के कार्यों का मूल्यांकन किया। इसमें शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान के साथ बच्चों के प्रति उनके व्यवहार और विद्यार्थियों को बेहतर दिशा देने में उनकी भूमिका को भी प्राथमिकता दी गई। चयनित शिक्षकों को 13 सितंबर को आयोजित समारोह में ‘शिक्षक रत्न 2026’ सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आप्टा के महासचिव मुकेश मीरचंदानी और कोषाध्यक्ष वैभव गर्ग ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का सम्मान विद्यार्थियों के साथ-साथ पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सम्मान समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को मंच देना और अन्य शिक्षकों को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित करना है।
पोस्टर विमोचन के दौरान डॉ. सुनील उपाध्याय, डॉ. मोहित दीक्षित, उमेश टिन्ना, नितिन मित्तल, राजकुमार गुप्ता, अनिल राजवानी, अश्विनी कुमार और पियूष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
