• Thu. Aug 27th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: रक्षाबंधन से पहले ट्रेनों-बसों में भीड़, सीट के लिए मारामारी; आज और बढ़ेगी भीड़

Raksha Bandhan crowd at Agra railway station and bus stand
Spread the love

आगरा। रक्षाबंधन से पहले गुरुवार को ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। आगरा कैंट और आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म यात्रियों से खचाखच रहे। ट्रेन आते ही कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों में धक्कामुक्की हुई। स्लीपर और जनरल कोच में भीड़ का ऐसा दबाव रहा कि दोनों के बीच का अंतर ही खत्म होता नजर आया। सीट नहीं मिलने पर कई यात्री दरवाजे पर खड़े होकर और लटककर सफर करते दिखाई दिए। आईएसबीटी पर भी बसों में बैठने के लिए मारामारी रही। सैटेलाइट बस अड्डे पर यात्री बारिश के बीच बसों का इंतजार करते रहे। शुक्रवार को रक्षाबंधन होने से आज भीड़ और बढ़ने की संभावना है।

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा क्षेत्र में 780 बसों का इंतजाम किया गया है। इनमें लंबे रूट के 20 मार्गों पर 498 और स्थानीय मार्गों पर 282 बसें संचालित होंगी। लंबे रूट में आगरा-मथुरा-दिल्ली 55, आगरा-जयपुर 18, आगरा-बरेली-कानपुर 14, आगरा-मेरठ 16, आगरा-मुरादाबाद 10, आगरा-हरिद्वार 5, आगरा-देहरादून 5, आगरा-सहारनपुर 6, आगरा-नोएडा-दिल्ली 28, आगरा-इटावा-कानपुर 10, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे 10, आगरा-फर्रुखाबाद-हरदोई-शाहजहांपुर 8, मथुरा-नोएडा-दिल्ली 12, मथुरा-सौंरी-बरेली 8, मथुरा-दिल्ली 20, मथुरा-जयपुर 6, मथुरा-हरिद्वार 2, मथुरा-जयपुर-टनकपुर 2, मथुरा-फर्रुखाबाद-हरदोई-लखनऊ 4 और मथुरा-टनकपुर 2 बसें रहेंगी।

स्थानीय मार्गों पर आगरा-बाह 35, आगरा-फतेहाबाद 22, आगरा-फिरोजाबाद-शिकोहाबाद 48, आगरा-एटा 35, आगरा-शमसाबाद-हाथरस-अलीगढ़ 40, आगरा-मथुरा 22, आगरा-राजाखेड़ा 8, आगरा-धौलपुर 32, आगरा-जगनेर-तांतपुर 34, आगरा-मैनपुरी 25, मथुरा-नौझील-बाजना 28, मथुरा-बरसाना 28, मथुरा-भरतपुर 20, मथुरा-हाथरस 10, मथुरा-अलीगढ़ 10, मथुरा-ताजगंज-सादाबाद 6 और मथुरा-मैनपुरी 8 बसें लगाई गई हैं।

इसके अलावा स्थानीय सेवाओं के लिए 134 बसों की व्यवस्था है। 29 अगस्त की रात तक जरूरत के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। आगरा फोर्ट, बिजलीघर, टूंडला चौराहा, मथुरा, ईदगाह, सराय काले खां और नोएडा परिचौक पर अधिकारियों-कर्मचारियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। हेल्पडेस्क के माध्यम से यात्रियों की मदद और भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त बसें लगाने की व्यवस्था की गई है।

रक्षाबंधन पर 60 वर्ष से अधिक आयु की उत्तर प्रदेश निवासी महिलाओं को साधारण रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। यात्रा के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र से आयु और पहचान का सत्यापन होगा। ई-टिकटिंग मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा, जिसमें बस नंबर, यात्रा के प्रारंभ और गंतव्य का विवरण दर्ज रहेगा। मुफ्त यात्रा का सत्यापित विवरण शासन को भेजा जाएगा और उसके आधार पर रोडवेज को प्रतिपूर्ति मिलेगी। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड भी जारी किए जाएंगे।

रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि रक्षाबंधन मेले में भीड़ को देखते हुए ट्रेन 11901 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–आगरा कैंट एक्सप्रेस का मथुरा तक अस्थायी विस्तार किया गया है। 27 और 30 अगस्त को यह ट्रेन आगरा कैंट से रात 9:40 बजे चलेगी। राजा की मंडी में रात 10:09, बिल्लोचपुरा 10:15, रुनकता 10:24, कीठम 10:33, दीन दयाल धाम 10:42, फराह 10:49, बाद 10:58 और मथुरा में रात 11:25 बजे पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 11902 मथुरा से 28 और 31 अगस्त को सुबह 4:30 बजे चलेगी और बाद, फराह, दीन दयाल धाम, कीठम, रुनकता, बिल्लोचपुरा और राजा की मंडी होते हुए आगरा कैंट सुबह 6 बजे पहुंचेगी।

इसके अलावा 64625 इटावा-आगरा कैंट मेमू को मथुरा तक बढ़ाया गया है। यह आगरा कैंट से सुबह 10:35 बजे चलकर राजा की मंडी, बिल्लोचपुरा, रुनकता, कीठम, दीन दयाल धाम, फराह और बाद होते हुए मथुरा दोपहर 12:15 बजे पहुंचेगी। 11808 मेमू मथुरा से दोपहर 12:45 बजे चलेगी और बाद, फराह, दीन दयाल धाम, कीठम, रुनकता, बिल्लोचपुरा तथा राजा की मंडी होते हुए आगरा कैंट दोपहर 2 बजे पहुंचेगी। दोनों मेमू सेवाएं 27 से 31 अगस्त तक रहेंगी। यात्रियों से यात्रा से पहले 139 और एनटीईएस से समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *