आगरा। सेठ पदम चंद जैन संस्थान में बुधवार 30 जुलाई को डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के 92वें दीक्षांत समारोह से पूर्व आयोजित दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत संपन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में काव्य लेखन, निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, देशभक्ति समूह गायन एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों और टीमों को स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं।

उल्लेखनीय है कि दीक्षोत्सव-2026 के तहत गत दिनों आयोजित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। निबंध लेखन प्रतियोगिता में 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जबकि भाषण और काव्य लेखन प्रतियोगिता में 50-50 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों ने शिक्षा, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सरोकार, भारतीय संस्कृति और युवा शक्ति जैसे समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने मौलिकता, भाषा-शैली, विषय-वस्तु और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत आयोजित देशभक्ति समूह गायन और लोकनृत्य प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुतियों से सभागार राष्ट्र प्रेम की भावना से ओत-प्रोत हो उठा, जबकि लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने भारत की विविध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का आकर्षक प्रदर्शन कर भरपूर सराहना प्राप्त की।
पुरस्कार वितरण समारोह में वक्ताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का भी सशक्त मंच है। सह नोडल अधिकारी डॉ. बृजेश रावत ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं तथा उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस.के. जैन ने साहित्यिक प्रतियोगिताओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित काव्य लेखन, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उन्होंने आयोजन प्रक्रिया, प्रतिभागियों की संख्या, मूल्यांकन प्रणाली और निर्णायक मंडल द्वारा अपनाए गए चयन मानदंडों की जानकारी देते हुए कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक लेखन, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल और सामाजिक सरोकारों के प्रति संवेदनशीलता का विकास करना है। डॉ. नीलू सिन्हा ने समूह गायन और लोकनृत्य प्रतियोगिताओं की रिपोर्ट प्रस्तुत की।
साहित्यिक प्रतियोगिताओं के परिणामों में काव्य लेखन प्रतियोगिता में गौरांशी गोला ने प्रथम, निशांत शर्मा ने द्वितीय और लवाली रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में रोहित कुमार प्रजापति प्रथम, कृष्णा अग्रवाल द्वितीय तथा अनूप तिवारी और मोहित प्रजापति संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। निबंध प्रतियोगिता में रश्मि बघेल ने प्रथम, पायल राठौर ने द्वितीय और स्नेहा यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया।
समारोह के दौरान देशभक्ति समूह गायन और लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को भी स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी चौधरी ने किया तथा कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रुचिरा प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापन दिया।
इस अवसर पर डॉ. श्वेता चौधरी, डॉ. श्वेता गुप्ता, डॉ. जागृति असीजा, पुरुषोत्तम मयूरा, लकी, आर्य और पूजा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
