फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव भोगपुरा में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान एक पक्ष ने मौके पर बनी झोपड़ी को उखाड़कर फेंक दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर शांतिभंग में कार्रवाई की है।
गांव भोगपुरा में ग्राम सभा की जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने वहां रखी झोपड़ी को निशाना बनाया। झोपड़ी को उखाड़कर फेंक दिया गया। इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल से पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो में लोग लाठी-डंडे लहराते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक आरोपी को पकड़ लिया। प्रथम पक्ष से बंटू पुत्र ठाकुरदास और दूसरे पक्ष से अतर सिंह पुत्र गीतम सिंह, निवासी भोगपुरा, थाना निबोहरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक निबोहरा बृजेश कुमार गौतम ने बताया कि ग्राम सभा की जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर शांतिभंग में कार्रवाई की है।
