फतेहाबाद। निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव के तहत फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में बूथों की संख्या 410 से घटाकर 397 किए जाने को लेकर उपजिलाधिकारी स्वाति शर्मा ने पंजीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रस्तावों की सूची उपलब्ध कराई गई और प्रतिनिधियों से सुझाव मांगे गए। नयापुरा में मतदाताओं की दूरी को देखते हुए नया बूथ बनाए जाने की जानकारी भी दी गई।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में विधानसभा क्षेत्र में 410 बूथ थे, जिन्हें घटाकर 397 किया जा रहा है। इस प्रकार 13 बूथ कम किए गए हैं। बूथ संख्या 282 नयापुरा में बढ़ाया गया है।

उन्होंने बताया कि शालूबाई में दो बूथ थे। नयापुरा के मतदाताओं को मतदान के लिए शालूबाई जाना पड़ता था, जिससे उन्हें अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी। इसे देखते हुए नयापुरा में नया बूथ बनाया गया है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रारूप छह, सात और आठ को ऑनलाइन करने में आ रही दिक्कतों की जानकारी दी। इस दौरान नायब तहसीलदार प्रमोद कुमार, देवक श्रीवास्तव, रूपाली दीक्षित, अंकित गुप्ता, योगेश चौहान, मुकेश पचौरी और योगेश बघेल मौजूद रहे।

