आगरा। पर्यटन नगरी आगरा में पर्यटकों की सुविधाएं बढ़ाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सोमवार को कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में लघु सभागार में पथकर सलाहकार समिति की 41वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठकों के अनुपालन की समीक्षा के साथ-साथ करीब 24 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।

बैठक की शुरुआत पथकर सलाहकार समिति की पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा से हुई। इसके बाद एक-एक कर सभी लंबित और नए प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
इन कार्यों की हुई समीक्षा
- ताजमहल के पूर्वी गेट, पश्चिमी गेट और फतेहपुर सीकरी पर कुल 6 वाटर एटीएम लगाने की अनुमति के लिए एएसआई को मुख्यालय स्तर पर पैरवी तेज करने के निर्देश दिए गए।
- फतेहपुर सीकरी में लाइट एंड साउंड शो का कार्य करीब 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसे अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
- फतेहपुर सीकरी स्थित आगरा गेट की फसाड लाइटिंग, आईलैंड, सेंट्रल वर्ज, आगरा गेट तक सौंदर्यीकरण, स्कल्पचर और फसाड निर्माण का कार्य भी अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।
- आगरा एंट्री गेट और रमाडा फ्लाईओवर क्षेत्र की समीक्षा करते हुए इनर रिंग रोड से शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों के लिए अलग और व्यवस्थित ट्रैफिक प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
- एनएच-11 पर टाटा गेट से पथौली नहर तक चल रहे प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
- ताजमहल के आसपास, ताज व्यू प्वाइंट, सेल्फी प्वाइंट, आगरा फोर्ट तथा नगर निगम सीमा के बाहर स्थित ग्वालियर मार्ग, दक्षिणी बाईपास मार्ग, फतेहपुर सीकरी मार्ग, वायु विहार मार्ग और बोदला-बिचपुरी मार्ग की प्रकाश व्यवस्था प्राधिकरण से नगर निगम को हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए गए।
- पथकर निधि से पहले पूरे हो चुके कार्यों की गुणवत्ता जांच के लिए एडीएम सिटी, एडीए के मुख्य अभियंता और अपर नगर आयुक्त की तीन सदस्यीय समिति गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए गए।
इन नए प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
आगरा विकास प्राधिकरण के प्रस्ताव
- ताजमहल आने वाले विदेशी टिकटधारी पर्यटकों को 12 माह तक वेलकम किट उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें 500 मिलीलीटर मिनरल वाटर, शू-कवर और कैरी बैग शामिल होंगे।
- फतेहपुर सीकरी बस स्टैंड के पास 1000 एलपीएच क्षमता का आरओ प्लांट और 2 एचपी सबमर्सिबल पंप लगाया जाएगा।
- विद्युत शवदाह गृह में पहले से स्थापित दो विद्युत भट्टियों के रेनोवेशन के लिए बजाजा कमेटी को धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
- नगर निगम सीमा से बाहर ग्वालियर मार्ग, दक्षिणी बाईपास मार्ग, फतेहपुर सीकरी मार्ग, वायु विहार मार्ग संख्या-13 और बोदला-बिचपुरी मार्ग की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था के वार्षिक संचालन और अनुरक्षण को मंजूरी दी गई।
- ताजगंज परियोजना और पश्चिमी गेट पार्किंग पर स्थापित फायर फाइटिंग सिस्टम के वार्षिक रखरखाव और संचालन को मंजूरी दी गई।
- ताजमहल के आसपास स्थापित सभी प्रकाश बिंदुओं के वार्षिक अनुरक्षण और संचालन का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
- फतेहपुर सीकरी और ताज पश्चिमी गेट पर स्थापित तीन आरओ प्लांट के वार्षिक रखरखाव और संचालन को मंजूरी दी गई।
- शिल्पग्राम से ताजमहल पूर्वी गेट होते हुए पश्चिमी गेट पुलिस बैरियर तक विकसित हॉर्टिकल्चर और हैज के एक वर्ष के अनुरक्षण कार्य को स्वीकृति दी गई।
पुलिस विभाग
- ताजमहल के 500 मीटर दायरे में 90 सीसीटीवी सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे।
आगरा क्लब
- गोल्फ कोर्स के लिए एक ट्रैक्टर, ट्रॉली और एक गोल्फ कार्ट खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
पर्यटन विभाग
- ताज महोत्सव 2027 के आयोजन के लिए अनुदान स्वीकृत किया गया।
- पर्यटन पुलिस के वाहनों के अनुरक्षण और डीजल की व्यवस्था के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।
राजकीय उद्यान विभाग
- आगरा फोर्ट और ताजमहल के बीच यमुना नदी किनारे स्थित ताज व्यू गार्डन (फेज-प्रथम) के सौंदर्यीकरण और रखरखाव का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।
वन विभाग
- ताज नेचर वॉक के निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई।
- माई ट्री प्रोग्राम के विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव
बैठक में मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक बाबूलाल चौधरी और डॉ. धर्मपाल सिंह ने मंदिर प्रवेश द्वार निर्माण, सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण से जुड़े प्रस्ताव रखे। समिति ने इन सभी प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान कर दी।

बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल, एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, प्राधिकरण के मुख्य अभियंता संजीव कुमार, वित्तीय नियंत्रक शिवनाथ, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, उद्यान अधीक्षक रजनीश पांडेय, समिति सदस्य राजीव सक्सेना, राकेश चौहान, राजेश तथा एएसआई, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

