आगरा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सोमवार को योग सप्ताह की शुरुआत हुई। पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया और प्रतापपुरा चौराहे तक जागरूकता रैली निकालकर लोगों को 21 जून के मुख्य आयोजन में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया।

आगरा में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में योग सप्ताह का शुभारंभ किया गया। 15 जून से 21 जून तक चलने वाले इस योग सप्ताह का उद्घाटन महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भगवान धन्वंतरी और महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
योग सप्ताह के पहले दिन स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी देखने को मिली। करीब 1500 लोगों ने एक साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम किए। कार्यक्रम के दौरान योग को दैनिक जीवन में अपनाने और मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का संदेश भी दिया गया।

सामूहिक योगाभ्यास के बाद एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से प्रतापपुरा चौराहे तक जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योग करने और आयोजन को सफल बनाने के लिए जागरूक किया गया। रैली में शामिल लोगों ने योग अपनाने और स्वस्थ रहने के संदेश वाले पोस्टर और बैनर भी हाथों में लिए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के कर्मचारी, सहयोगी संस्थाओं के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन ने भी सहभागिता की।
