आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर आगरा पहुंचे। उनका यह दौरा केवल शोक संवेदना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जरिए आगामी विधानसभा चुनावों की राजनीतिक तैयारी की झलक भी साफ दिखाई दी। अखिलेश यादव ने राज्यसभा सांसद और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजीलाल सुमन के आवास पहुंचकर उनके धेवते के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ समय बिताया और दुख की इस घड़ी में ढांढस बंधाया।
हरीपर्वत क्षेत्र स्थित रामजीलाल सुमन के आवास पर अखिलेश यादव दोपहर करीब ढाई बजे पहुंचे। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक वहां जमा हो गए। जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया और उनसे मिलने व फोटो खिंचवाने की होड़ लग गई। स्थिति ऐसी हो गई कि कई बार धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। सुरक्षा कर्मियों को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अखिलेश यादव करीब पैंतालीस मिनट तक रामजीलाल सुमन और उनके परिवार के बीच रहे। उन्होंने दिवंगत युवक को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के सदस्यों से बातचीत कर सांत्वना दी। बाहर निकलने के बाद मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि वे यहां राजनीति के लिए नहीं बल्कि दुख की घड़ी में परिवार का साथ देने आए हैं। उन्होंने कहा कि युवा धेवते की असमय मौत ने सभी को झकझोर दिया है। वह मिलनसार स्वभाव का था और सभी को साथ लेकर चलता था।
मीडिया के सवालों से दूरी बनाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा बाद में होगी। उन्होंने कहा कि आज का दिन केवल शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए है। इसके बाद वे बिना किसी राजनीतिक बयानबाजी के आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।
हालांकि राजनीतिक जानकार इस दौरे को केवल शोक यात्रा के रूप में नहीं देख रहे हैं। माना जा रहा है कि समाजवादी पार्टी अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी तरह जुट चुकी है और अखिलेश यादव का यह दौरा उसी रणनीति का हिस्सा है। पार्टी अलग-अलग सामाजिक वर्गों, व्यापारियों, युवाओं और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बढ़ाने की कोशिश कर रही है।
रामजीलाल सुमन के यहां से निकलने के बाद अखिलेश यादव प्रख्यात चिकित्सक परिवार से जुड़े आलोक पारीक के आवास पहुंचे। पारीक परिवार और मुलायम सिंह यादव परिवार के संबंध लंबे समय से रहे हैं। मुलायम सिंह यादव जब भी आगरा आते थे तो पारीक परिवार से मुलाकात जरूर करते थे। अब उन्हीं संबंधों को अखिलेश यादव आगे बढ़ाते नजर आए।
इसके बाद अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी विनय अग्रवाल के घर पहुंचे। विनय अग्रवाल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक पकड़ रखते हैं और वैश्य समाज में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं। पार्टी उन्हें आगामी चुनावों में अहम चेहरों में से एक मान रही है।
दौरे के दौरान अखिलेश यादव युवा नेता रिजवानउद्दीन कुरैशी के आवास भी पहुंचे। रिजवानउद्दीन मुस्लिम समाज में सक्रिय माने जाते हैं। उनके पिता रईशउद्दीन कुरैशी समाजवादी पार्टी में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। ऐसे में यह मुलाकात सामाजिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
समाजवादी पार्टी इस समय पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को साथ लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश में जुटी हुई है। लोकसभा चुनाव में मिले अच्छे परिणामों के बाद पार्टी अब उसी रणनीति को विधानसभा चुनाव में और प्रभावी तरीके से लागू करना चाहती है।
इसी कड़ी में रविवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल मुगल में “विजन इंडिया : योजना, विकास और उन्नति” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव शहर के उद्यमियों, युवाओं, कारोबारियों, शिक्षाविदों और विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संवाद करेंगे। पार्टी का उद्देश्य स्थानीय मुद्दों और समस्याओं को समझकर उन्हें आगामी चुनावी घोषणापत्र में शामिल करना है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी के अनुसार कार्यक्रम में पर्यटन उद्योग, हस्तशिल्प कारोबार, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग, निजी अस्पताल, शिक्षण संस्थान और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि वह जनता की राय के आधार पर अपनी नीतियां तैयार करेगी।
आगरा में समाजवादी पार्टी की राजनीति का लंबा इतिहास रहा है। वर्ष 2012 से 2017 तक की सरकार में ताजगंज परियोजना, साइकिल ट्रैक और संग्रहालय जैसे कई विकास कार्य शुरू किए गए थे। हालांकि बाद के चुनावों में पार्टी को सत्ता से बाहर रहना पड़ा। अब पार्टी एक बार फिर स्थानीय मुद्दों और सामाजिक समीकरणों के सहारे अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुटी हुई है।
अखिलेश यादव का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें संवेदना और राजनीति दोनों का संतुलन दिखाई दिया। एक ओर उन्होंने वरिष्ठ नेता के परिवार के दुख में शामिल होकर मानवीय संवेदनाएं प्रकट कीं, वहीं दूसरी ओर विभिन्न वर्गों से संपर्क कर आगामी चुनावों की तैयारी का संकेत भी दिया। अब सभी की नजर रविवार को होने वाले संवाद कार्यक्रम पर टिकी हुई है, जहां से समाजवादी पार्टी आगरा की राजनीति को लेकर बड़ा संदेश दे सकती है।
ये खबर भी पढ़ें
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जोरदार स्वागत, कार्यकर्ताओं को दिया 2027 में जीत का मंत्र
आगरा। (फतेहाबाद)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शनिवार को आगरा आगमन पर फतेहाबाद टोल प्लाजा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 21 स्थित टोल प्लाजा पर सपाइयों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर पार्टी नेतृत्व के प्रति अपना समर्थन जताया।

अखिलेश यादव के आगमन को लेकर कार्यकर्ता सुबह से ही टोल प्लाजा पर जुटने शुरू हो गए थे। जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नया जोश भरने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और खुशहाली के लिए वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनना बेहद जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों का प्रचार करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का मंत्र देते हुए कहा कि मजबूत संगठन के दम पर ही वर्ष 2027 में जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हीं की मेहनत से चुनाव में सफलता मिलेगी।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। कई कार्यकर्ता अखिलेश यादव के साथ फोटो खिंचवाने और उनसे मिलने के लिए उत्सुक नजर आए। टोल प्लाजा पर कुछ देर तक राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया रहा।
इस दौरान कृष्ण वर्मा, प्रहलाद गुर्जर, सौरभ शर्मा, आशीष शर्मा, विवेक शर्मा, अमन शर्मा, उदयवीर सिंह, रामवीर सिंह, विष्णु गुर्जर, असलम खान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
