फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक तीन वर्षीय बच्चे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बिहार से राजस्थान जा रही तेज रफ्तार कार थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा कंटेनर में समा गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा टीम ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया तथा मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया। थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 36.700 पर बिहार से राजस्थान जा रही एक कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गई। हादसा रात करीब दो बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार बिहार से राजस्थान के चुरू जिले की ओर जा रही थी। जैसे ही कार फतेहाबाद क्षेत्र में पहुंची, वह आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा कंटेनर में बुरी तरह फंस गया। दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक लगभग 50 मीटर तक कार को घसीटता हुआ ले गया। बाद में घटना की जानकारी होने पर चालक कंटेनर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाइड्रा की मदद से कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हालांकि तब तक कार में सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। मृतकों में सुनील पुत्र श्रवण (36 वर्ष), निवासी भरखो थाना अमरपुर जिला बांका, बिहार, शंकर लाल टेलर पुत्र रिद्धकरण टेलर (31 वर्ष), निवासी लोसल, सीकर, राजस्थान तथा प्रीति पत्नी शंकर लाल टेलर (28 वर्ष), निवासी लोसल, सीकर, राजस्थान शामिल हैं।
वहीं हादसे में परमिला कुमारी पत्नी राजू (31 वर्ष), राजू पुत्र रूपचंद्र (35 वर्ष), सोहेब पुत्र मोहम्मद सलीम (30 वर्ष, चालक), निवासीगण चुरू, राजस्थान, पूजा कुमारी पत्नी सुनील कुमार (32 वर्ष) तथा अयांश पुत्र सुनील कुमार (3 वर्ष), निवासी भरखो थाना अमरपुर जिला बांका, बिहार गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहत एवं बचाव कार्य के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सहायक पुलिस आयुक्त फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि बीती रात थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर लखनऊ की ओर से आ रही एक कार आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच और चालक से हुई पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि वाहन की गति अधिक थी। साथ ही चालक को नींद आने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे कंटेनर से पीछे से टकरा गई। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस भीषण हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में एक परिवार के कई सदस्य प्रभावित हुए हैं, जिससे परिजनों में शोक का माहौल है।
तेज रफ्तार, लंबी यात्रा और चालक को आई नींद इस दर्दनाक हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

