एसी में शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ हादसा, आग लगने से मची अफरा-तफरी
फतेहाबाद टोल का आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के अन्य टोल प्लाजा से संपर्क कटा
फतेहाबाद। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल प्लाजा पर शॉर्ट सर्किट के कारण सर्वर और कंट्रोल रूम में आग लग गई। आग लगने के साथ तेज धमाका हुआ। वहां मौजूद कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान बड़ी संख्या में वाहन बिना टोल दिए निकलते रहे। बाद में टोल प्रबंधन ने वाहनों को मैनुअल तरीके से निकाला और उनकी नंबर प्लेट के फोटो लिए गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 8:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 21 स्थित फतेहाबाद टोल प्लाजा के कंट्रोल रूम और सर्वर रूम में आग लग गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद तेज धमाका हुआ। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक कंट्रोल रूम और सर्वर रूम में काफी नुकसान हो चुका था।
सूचना मिलने पर यूपीडा के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह और प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद धनगर ने बताया कि आग लगने के कारण लगभग एक घंटे तक बड़ी संख्या में वाहन बिना टोल दिए गुजर गए।
इसके बाद कर्मचारियों ने स्थिति संभाली और वाहनों को मैनुअल तरीके से निकाला गया। उनकी नंबर प्लेट के फोटो लिए गए हैं।
यूपीडा के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि एसी के आउटडोर यूनिट में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है, जिससे काफी नुकसान हुआ है।
फिलहाल वाहनों को मैनुअल तरीके से निकाला जा रहा है। जिन वाहनों के फोटो लिए गए हैं, उनसे बाद में टोल शुल्क लिया जाएगा।

