फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के पं० ख्यालीराम इंटर कॉलेज तांसपुरा में फीस के नाम पर अवैध वसूली और विरोध करने पर दलित अभिभावक व छात्र के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना फतेहाबाद में कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुरा,जगराजपुर निवासी बन्टी पुत्र ग्याप्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दलित समाज का गरीब मजदूर है। बेटा पं० ख्यालीराम इंटर कॉलेज तांसपुरा में कक्षा 8 का छात्र है। पीड़ित के मुताबिक, जब वह बच्चे की टीसी (ट्रांसफर सर्टिफिकेट) लेने स्कूल पहुंचे, तो प्रबंधक मुन्नालाल और उनके पुत्र व प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने टीसी देने के एवज में 25,000 से लेकर 50,000 रुपए तक की रकम सेवा शुल्क के रूप में देने का दबाव बनाया गया। वहीं आरोप है कि जब पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई और कहा कि उनके केवल दो-दो हजार रुपये ही बाकी थे, तो स्कूल प्रबंधन भड़क गया। आरोप है कि प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने पीड़ित को जातिसूचक गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर माता-पिता और बच्चे के सामने ही उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि स्कूल प्रशासन द्वारा उन्हें धमकी दी गई कि यदि मोटी रकम नहीं दी गई, तो बच्चे की टीसी रोक दी जाएगी और उसे जबरन इसी स्कूल में आगे पढ़ाना पड़ेगा, जिसके लिए अब 25,000 रुपए प्रतिवर्ष का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उक्त कॉलेज को केवल हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त है, लेकिन इसके बावजूद कक्षा 8 के बाद आगे के दाखिले और भारी-भरकम फीस के लिए दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने दबंग स्कूल प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ कार्रवाई कर टीसी दिलवाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
