हादसे के बाद बस ने बाइक को 200 मीटर तक घसीटा
घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
फतेहाबाद: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बिहार से दिल्ली जा रही आनंद ट्रेवल्स की डबल डेकर बस ने ओवरटेक के दौरान बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस और यूपीडा की टीम ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 4.700 पर हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार डबल डेकर बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक हमीरपुर निवासी सत्यवीर पुत्र धर्मपाल बाइक से हमीरपुर से गाजियाबाद जा रहा था। दोपहर के समय वह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पहुंचा ही था कि आगे चल रही बिहार से 80 सवारियां लेकर दिल्ली जा रही आनंद ट्रेवल्स की डबल डेकर बस ने ओवरटेक करते समय उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद भी बस चालक ने वाहन नहीं रोका। बाइक बस के नीचे फंस गई और चालक करीब 200 मीटर तक बाइक को घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद बस को एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी पर खड़ा कर चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। सड़क पर बाइक के घिसटने और युवक के घायल हालत में पड़े होने का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग दहल उठे।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बमरौली कटारा और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भिजवाया। डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त डबल डेकर बस को कब्जे में लेकर थाना बमरौली कटारा में खड़ा करा दिया है। फरार चालक और परिचालक की तलाश की जा रही है। थानाध्यक्ष बमरौली कटारा दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक ने ओवरटेक करते समय बाइक को टक्कर मारी थी। घायल युवक को अस्पताल भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

