आगरा। के एत्मादपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जयमाल के दौरान एक महिला ने दूल्हे को अपना पति बताकर हंगामा शुरू कर दिया। महिला को देखते ही दूल्हा स्टेज से भाग गया। मामले में नया मोड़ तब आया, जब दूल्हे के बड़े भाई ने महिला को अपनी पत्नी बताया और दोनों के बीच संबंधों को लेकर चौंकाने वाले आरोप लगाए। करीब दो घंटे चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद यह शादी टूट गई और अंततः दुल्हन की शादी उसी समारोह में मौजूद एक अन्य युवक से करा दी गई।
जयमाल के दौरान मचा हंगामा, दूल्हा भागा
शुक्रवार रात एत्मादपुर के एक मैरिज हॉल में फिरोजाबाद के टूंडला से बारात आई थी। मंगलम सिटी निवासी जितेंद्र बघेल अपनी बारात लेकर पहुंचे थे। शादी की रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं। लग्न और पक्की की रस्म पूरी होने के बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर पहुंच चुके थे और एक-दूसरे को वरमाला पहनाने ही वाले थे, तभी अचानक चार गाड़ियों से कुछ लोग पहुंचे, जिनमें एक महिला भी शामिल थी।
जैसे ही महिला स्टेज की ओर बढ़ी, दूल्हे की नजर उस पर पड़ी और वह तुरंत वरमाला फेंककर स्टेज से भाग गया। महिला ने मौके पर पहुंचते ही हंगामा शुरू कर दिया और दूल्हे को अपना पति बताते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगी। यह देख वहां मौजूद बाराती और घराती स्तब्ध रह गए। डीजे बंद हो गया और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।
महिला लगातार दावा करती रही कि दूल्हा जितेंद्र उसका पति है। उसके साथ आए लोगों और बारातियों के बीच कहासुनी भी हुई। स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे के पिता और बड़े भाई को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जबकि दूल्हा मौके से फरार हो गया।
थाने में कहानी में आया नया मोड़
थाने पहुंचने के बाद मामले में नया मोड़ आया। दूल्हे के बड़े भाई नेम सिंह ने पुलिस के सामने दावा किया कि हंगामा करने वाली महिला उसकी पत्नी है। उसने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी। नेम सिंह ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का उसके छोटे भाई, यानी दूल्हे जितेंद्र के साथ कई वर्षों से संबंध है और वह उसे छोड़कर देवर से शादी करना चाहती है। उसने यह भी कहा कि महिला उस पर नपुंसक होने का आरोप लगाती है।
टूटी शादी, दूसरे युवक से कराई गई दुल्हन की शादी
दूल्हे के परिवार में चले इस विवाद के कारण शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद यह तय हुआ कि यह शादी आगे नहीं बढ़ाई जाएगी। इसके बाद दुल्हन के परिवार ने बड़ा फैसला लेते हुए उसी समारोह में मौजूद एक अन्य युवक से अपनी बेटी की शादी करा दी। बताया गया कि वह युवक दुल्हन पक्ष का जानने वाला था। शादी की रस्में उसी परिसर में सादगी के साथ पूरी की गईं।
एत्मादपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। महिला ने दूल्हे पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया था। दूल्हा मौके से फरार हो गया था, जबकि उसके पिता और भाई को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, दुल्हन पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। इस पूरी घटना ने शादी समारोह को हंसी-खुशी से तनाव और विवाद में बदल दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से दोनों परिवारों और उपस्थित लोगों के बीच लंबे समय तक चर्चा का माहौल बना रहा।
