सार
बसई जगनेर क्षेत्र के रणधीरपुरा गांव में 12 वर्षीय बालक की हत्या के दर्दनाक मामले के बाद रविवार को फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर 5 लाख रुपये का सहायता चेक सौंपा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। यह मामला शुक्रवार को हुए उस सनसनीखेज हत्याकांड से जुड़ा है, जिसमें तरबूज तोड़ने के विवाद के चलते किशोर की हत्या कर दी गई थी। गांव में घटना के बाद से तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

आगरा। बसई जगनेर क्षेत्र के गांव रणधीरपुरा में 12 वर्षीय बालक की हत्या के मामले ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। घटना के बाद रविवार को फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का सहायता चेक सौंपा।
सांसद ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और प्रशासन पूरी तरह से परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुलाकात के दौरान सांसद ने घटना की पूरी जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और तेजी से की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और उन्हें न्याय दिलाना प्राथमिकता है।
इस दौरान सांसद ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें लगातार सुरक्षा और सहयोग मिलता रहे। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि कानून अपना काम कर रहा है।
गांव में इस घटना के बाद से तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इस मौके पर पूर्व विधायक महेश गोयल, चेयरमैन सुधीर गर्ग, हुकुम सिंह कुशवाहा, हरिविलास अग्रवाल, मुकेश परमार, मेघराज सोलंकी, अभय सैंथिया, लवलेश कुमार, आशीष सिंघल प्रधान, जोगेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा उपजिलाधिकारी ऋषि राव, एसीपी प्रीता सिंह, थाना प्रभारी सुभाष, सतेंद्र यादव, अमित बिंदल और मनोज अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।
यह पूरा मामला शुक्रवार को हुई उस दर्दनाक घटना से जुड़ा है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया था। जगनेर थाना क्षेत्र के रंधीरपुरा गांव में तरबूज तोड़ने को लेकर हुए विवाद में 14 वर्षीय किशोर धन्ना उर्फ छोटू की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।
बताया गया कि किशोर शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर से तरबूज लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और शाम करीब पांच बजे उसका शव गांव से एक किलोमीटर दूर सोनीखेड़ा बांध के पास चकमार्ग किनारे खून से लथपथ हालत में मिला।
शव पर सिर, चेहरे और कान पर गंभीर चोटों के निशान थे। पास में ही तरबूज काटने वाला चाकू भी बरामद हुआ था। शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और करीब चार घंटे तक प्रदर्शन किया।
परिजनों ने आरोप लगाया था कि गांव में खेत किराए पर लेकर तरबूज और खरबूज की खेती करने वाले एक बाहरी परिवार पर हत्या का शक है। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बच्चे के साथ बेरहमी की गई और उसकी आंख निकालने तक का प्रयास किया गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को भारी बल के साथ मौके पर पहुंचना पड़ा। एसीपी प्रीता दुबे के साथ कई थानों की पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके की जांच की। बाद में ग्रामीणों को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद से ही गांव में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने पश्चिम जोन की एसओजी, सर्विलांस और अन्य टीमों सहित कुल पांच टीमों का गठन कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरी घटना ने क्षेत्र में गहरा आक्रोश और दुख पैदा किया है। एक तरफ जहां सांसद ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और न्याय का भरोसा दिया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

