फतेहाबाद। कस्बा फतेहाबाद क्षेत्र के प्रमुख समाजसेवी और श्यामबाबू धर्मार्थ एवं वृद्धाश्रम ट्रस्ट के संस्थापक विश्ववीर शर्मा का रविवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। समाज सेवा और बुजुर्गों की देखभाल के लिए समर्पित उनका जीवन क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा।
विश्ववीर शर्मा लंबे समय से बेसहारा बुजुर्गों, जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्ग की सेवा में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने श्यामबाबू धर्मार्थ एवं वृद्धाश्रम ट्रस्ट की स्थापना कर अनेक वृद्धजनों को सहारा दिया और समाज में सेवा की एक नई मिसाल कायम की। उनके अंतिम संस्कार के दौरान कस्बे में एक भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। सामाजिक परंपराओं और पुरानी रूढ़ियों को पीछे छोड़ते हुए उनकी पत्नी नम्रता शर्मा ने स्वयं आगे बढ़कर अपने पति के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।
विश्ववीर शर्मा के निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनके जाने से क्षेत्र ने एक सच्चा सेवक और समाज हितैषी व्यक्तित्व खो दिया है। शोक व्यक्त करने वालों में श्रीकृष्ण दीक्षित, योगेश शर्मा, सतीश तिवारी, अजय शर्मा, बिज्जी शर्मा, शिवकुमार प्रधान, राकेश शर्मा, राकेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।

