865.98 लाख की परियोजना, अप्रैल अंत तक पूरा होने का लक्ष्य
मल्टीपर्पज हॉल, एग्जीबिशन सेंटर और डॉर्मिटरी जैसी आधुनिक सुविधाएं
सड़क परियोजना और विकास कार्यों से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन और रोजगार
आगरा। फिरोजाबाद स्थित बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार तेजी से काम कर रही है। यहां बन रहा आधुनिक कन्वेंशन सेंटर करीब 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और अप्रैल 2026 के अंत तक इसके तैयार होने की संभावना है। करोड़ों की लागत से चल रही इस परियोजना के जरिए क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन, सुविधाओं और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में आस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अकबरपुर, फिरोजाबाद स्थित बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली पर बड़े स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में यहां एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण तेजी से चल रहा है, जिसका लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस परियोजना के अप्रैल 2026 के अंत तक पूर्ण होने की संभावना जताई गई है।

करीब 865.98 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रहे इस कन्वेंशन सेंटर पर अब तक 769.74 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। यह केंद्र न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा।
कन्वेंशन सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इसमें एक बड़ा मल्टीपर्पज हॉल, सांस्कृतिक ब्लॉक और आधुनिक एग्जीबिशन हॉल बनाया जा रहा है। इस एग्जीबिशन हॉल में बाबा नीब करौरी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु उनके जीवन दर्शन को करीब से समझ सकेंगे।

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर शौचालय, डाइनिंग हॉल, लगभग 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया और किचन की सुविधा होगी। वहीं, प्रथम तल पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग डॉर्मिटरी बनाई जा रही हैं। यहां 30 डबल बेड के माध्यम से करीब 60 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने में सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए एक अन्य परियोजना भी शुरू की गई है, जिसकी लागत लगभग 1.77 करोड़ रुपए है। इस योजना के तहत सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम हो सके।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि कन्वेंशन सेंटर और सड़क परियोजना से क्षेत्र का विकास मॉडल पूरी तरह बदल जाएगा। उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद स्थित इस पावन स्थल को एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। यह परियोजनाएं न केवल आस्था को सशक्त करेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी।
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अकबरपुर, फिरोजाबाद को विशेष रूप से संवारा जा रहा है ताकि देश और दुनिया के लोग इस पावन स्थल से परिचित हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर श्रद्धालु कैंची धाम जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली के बारे में जानकारी है। सरकार का उद्देश्य इस स्थान को वैश्विक पहचान दिलाना है। इसके लिए यहां कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन स्पेस और होम-स्टे जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। सरकार की इस पहल से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

