• सड़क विवाद के बाद शिक्षिका दंपति से मारपीट का आरोप
• कार टक्कर के बाद बढ़ा विवाद, गाड़ी की चाबी छीनने की बात
• थाने में तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
फतेहाबाद। थाना निबोहरा क्षेत्र में स्कूल जाते समय एक शिक्षिका की कार से दूसरी कार टकराने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर शिक्षिका और उनके पति के साथ मारपीट की गई तथा कार की चाबी छीन ली गई। घटना के बाद शिक्षिका ने थाने में तहरीर दी है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना निबोहरा क्षेत्र में स्कूल जाते समय शिक्षिका की कार से एक तेज रफ्तार कार टकरा गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। विरोध करने पर शिक्षिका और उनके पति के साथ मारपीट करने, कार की चाबी छीनने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने थाने में तहरीर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रियंका शर्मा पत्नी गौरव शर्मा सहायक अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय गढ़ी हीरालाल थाना निबोहरा में कार्यरत हैं। मंगलवार सुबह वह अपने पति के साथ कार से विद्यालय जा रही थीं। इसी दौरान मझारा गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार बगल से गुजरने के दौरान दोनों वाहनों में हल्की टक्कर हो गई और स्क्रैच आ गए।
आरोप है कि इसके बाद कार सवार के साथ चल रहे बाइक सवार ने शिक्षिका की गाड़ी के सामने बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया और पैसे की मांग करने लगा। इस पर शिक्षिका ने कहा कि उनकी गलती से गाड़ी में स्क्रैच आए हैं। इसी दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद शिक्षिका को वहां से स्कूल भेज दिया गया।
इसके बाद भी विवाद समाप्त नहीं हुआ। आरोप है कि बाइक सवार ने लगभग 5 किलोमीटर तक शिक्षिका की गाड़ी का पीछा किया और सायकापुरा गांव के पास कार चालक भी तेज रफ्तार से पहुंचा और शिक्षिका की गाड़ी में टक्कर मारने का प्रयास किया। किसी तरह शिक्षिका के पति ने वाहन को नियंत्रित कर स्थिति संभाली और विरोध करने के लिए गाड़ी से बाहर उतरे।
इसी दौरान आरोप है कि कुछ लोगों ने तमंचे की नोक पर मारपीट शुरू कर दी। जब शिक्षिका के पति ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया और कार की चाबी निकाल ली गई। घटना के दौरान शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद शिक्षिका ने थाना निबोहरा में लिखित तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की ओर से राजीनामा करने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने उपजिलाधिकारी फतेहाबाद से भी शिकायत की है और कहा है कि यदि मुकदमा दर्ज नहीं होता है तो वह उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगी।
पीड़िता के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी है, जिससे वह काफी भयभीत हैं। मारपीट के दौरान उनकी कान की बाली भी गिर गई। इसके अलावा कार की चाबी छीन लिए जाने के कारण वाहन काफी समय तक सड़क पर खड़ा रहा, जिसे बाद में मशक्कत के बाद घर पहुंचाया गया।
इस मामले में एसीपी शमसाबाद अमीषा ने बताया कि वाहन टकराने के बाद विवाद हुआ है और मारपीट की घटना सामने आई है। हालांकि लूटपाट, छेड़छाड़ और तमंचे के आरोपों को गलत बताया गया है। एक आरोपी थाना डौकी क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

