- टीबी मुक्त पंचायतों के प्रधानों का सम्मान समारोह आयोजित
- गोल्ड, सिल्वर और कांस्य श्रेणी में मिला सम्मान
- जागरूकता और सहयोग से टीबी उन्मूलन पर जोर
आगरा। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर आगरा में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को सम्मानित किया गया। वर्ष 2025 में घोषित 47 टीबी मुक्त पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड, सिल्वर और कांस्य श्रेणी में महात्मा गांधी की प्रतिमा व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अधिकारियों ने टीबी उन्मूलन में ग्राम प्रधानों की भूमिका को अहम बताते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जनपद आगरा में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अरविन्द मल्लपा बंगारी के निर्देशन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2025 में घोषित 47 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आगरा मण्डल, आगरा तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने की।

समारोह में सात ग्राम पंचायतों के प्रधानों को गोल्ड श्रेणी, 11 को सिल्वर श्रेणी और 29 ग्राम प्रधानों को कांस्य श्रेणी की महात्मा गांधी प्रतिमा एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि ग्राम प्रधान अपने क्षेत्र में टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, मरीजों की पहचान करने और उन्हें उपचार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि टीबी मुक्त पंचायत अभियान में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से ही लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सम्मानित प्रधान अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणा बनेंगे और अपने अनुभव साझा कर अभियान को गति देंगे।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने टीबी के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, बलगम में खून, वजन घटना, भूख कम लगना और रात में पसीना आना जैसे लक्षण टीबी के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए, जहां जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।

उन्होंने निःक्षय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को प्रतिमाह 1000 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जाने की जानकारी भी दी, जिससे मरीजों को पोषण सहायता मिल सके और वे शीघ्र स्वस्थ हों। कार्यक्रम में निःक्षय मित्रों द्वारा पोषण पोटली वितरण और भावनात्मक सहयोग पर भी चर्चा की गई।

जनपद आगरा ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। टीबी नोटिफिकेशन के मामले में आगरा दूसरे स्थान पर है। वर्ष 2025 में जनपद में 30,518 टीबी मरीज चिन्हित किए गए, जबकि उपचार के बाद 96 प्रतिशत से अधिक मरीज स्वस्थ हुए हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सा अधिकारियों, विश्व स्वास्थ्य संगठन के सलाहकार, एनटीईपी टीम, जिला क्षय रोग कार्यालय के स्टाफ एवं गैर सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने भी चार ग्राम पंचायतों के प्रधानों को टीबी मुक्त होने पर सम्मानित किया।
टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों में विभिन्न ब्लॉकों के गांव शामिल हैं, जिन्हें गोल्ड, सिल्वर और कांस्य श्रेणी में सम्मान मिला है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त बनाकर अभियान को सफल बनाया जाए।

