• 202 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित कर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती
• लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा औपबंधिक नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाने के बाद आगरा में कार्यक्रम आयोजित
• एसएन मेडिकल कॉलेज के लैक्चर थियेटर-4 में जनप्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
आगरा। चिकित्सा शिक्षा विभाग के नियंत्रणाधीन मेडिकल कालेजों / संस्थानों के लिए उ०प्र० लोक सेवा आयोग, प्रयागराज से नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों (महिला/पुरुष) के औपबन्धिक नियुक्ति पत्र मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा रविवार को पूर्वान्ह 10:00 बजे लखनऊ में प्रदान किये गये, जिसके उपरांत प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कालेजों में चयनित अभ्यर्थियों को स्थानीय स्तर पर नियुक्ति पत्र वितरित करने के कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इसी क्रम में एस०एन० मेडिकल कालेज, आगरा के लिए उ०प्र० लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा 202 अभ्ययर्थियों का चयन किया गया है, जो संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इन सभी अभ्यर्थियों को दिनांक 22.03.2026 को कालेज परिसर स्थित लैक्चर थियेटर-4 में आयोजित एक औपचारिक एवं गरिमामय कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मंत्री उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश सरकार एवं विधायक, आगरा दक्षिण योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक, आगरा उत्तर पुरूषोत्तम खण्डेलवाल तथा विधायक, आगरा कैन्टोनमेंट डा० जी०एस० धर्मेश ने अपने कर कमलों द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और मरीजों की देखभाल में उनकी संवेदनशीलता, तत्परता एवं सेवा भावना स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को निर्धारित करती है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने भी अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और मानवीय दृष्टिकोण के साथ करने की सलाह दी। यह भी कहा गया कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है और ऐसे में इन नवचयनित अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
इस अवसर पर डा० प्रशान्त गुप्ता, प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 202 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति से एसएन मेडिकल कालेज की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। डा० टी०पी० सिंह, उप प्रधानाचार्य ने भी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे संस्थान की गरिमा को बनाए रखते हुए समर्पण के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम में डा० ब्रजेश शर्मा, प्रमुख अधीक्षक, डा० जी०वी० सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, डा० राजेश गुप्ता, डा० शैफाली मजूमदार, डा० अखिल प्रताप सिंह, डा० प्रीति भारद्वाज, डा० गीतू सिंह एवं विभिन्न विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। सभी ने नवचयनित अभ्यर्थियों का स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन डा० दिव्या श्रीवास्तव, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, फिजियोलॉजी विभाग तथा डा० नीतू चौहान, विभागाध्यक्ष, रक्त केन्द्र द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों, चिकित्सकों एवं कालेज स्टाफ की सहभागिता रही।
इस नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से न केवल एसएन मेडिकल कालेज, आगरा में नर्सिंग स्टाफ की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि इससे मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में भी सहायता मिलेगी, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

