बिना ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी नंबर के गैस डिलीवरी पर रोक, नियमों का सख्ती से पालन अनिवार्य
एजेंसी स्टाफ से मारपीट करने वाले आरोपी गिरफ्तार, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था पर दिया कड़ा संदेश
आगरा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में जनपद के एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने, कालाबाजारी पर रोक लगाने और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान कमला गैस एजेंसी, अछनेरा के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि 19 मार्च 2026 को कुछ उपभोक्ताओं ने बिना बुकिंग गैस सिलेंडर देने के लिए दबाव बनाया। जब एजेंसी स्टाफ ने नियमों का हवाला देते हुए मना किया, तो उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बैठक में निर्देश दिए गए कि कोई भी व्यक्ति या संस्था गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या ओवररेटिंग में लिप्त न हो। इसके लिए प्रशासन द्वारा गोपनीय जांच भी कराई जा रही है। यदि किसी एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की शिकायत सत्य पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही यह भी कहा गया कि जिन गैस एजेंसियों पर अधिक भीड़ रहती है, वे अपनी सूची प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा सके और किसी प्रकार की अराजकता की स्थिति न बने।
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने आउटलेट पर सभी आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। इनमें गैस बुकिंग नंबर, दो बुकिंग के बीच का अंतराल (नगरीय क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन) तथा टोल फ्री नंबर शामिल हैं। इसके अलावा, पीएनजी कनेक्शनधारकों द्वारा एलपीजी कनेक्शन समर्पित किए जाने संबंधी शासन के निर्देश भी एजेंसी परिसर में प्रदर्शित करने को कहा गया।
गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह स्पष्ट निर्देश दिया गया कि बिना ऑनलाइन बुकिंग और डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) नंबर के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी। साथ ही सभी एजेंसियों पर एक हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों और समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।
नगरीय क्षेत्रों में शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एजेंसी तक न आना पड़े और भीड़-भाड़ की स्थिति से बचा जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह, सभी ऑयल कंपनियों के विक्रय प्रबंधक तथा जनपद के सभी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर उपस्थित रहे।

