• Fri. Apr 17th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News: टूर्नामेंट में आगरा यूनिवर्सिटी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, एक रजत व दो कांस्य पदक जीते

DBRAU Agra students winning silver and bronze medals at All India Inter University Arm Wrestling Tournament (Men & Women) at Raja Mahendra Pratap Singh State University, AligarhDBRAU Agra students win silver and bronze medals at All India Inter University Arm Wrestling.
Spread the love

आगरा। 10 से 15 मार्च तक राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी आर्म रेसलिंग (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने एक रजत पदक और दो कांस्य पदक हासिल किए, जिससे विश्वविद्यालय खेल क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है।

प्रतियोगिता में लव कुश (50 किग्रा, राइट हैंड) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। वहीं सौरभ कुंतल (70 किग्रा, राइट हैंड) और गौतम कपूर (110 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया।

अभी प्रतियोगिता का एक दिन शेष है और अब तक विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने कुल 8 पदक अपने नाम किए हैं, जिससे आगे और पदकों की उम्मीद जताई जा रही है।

टीम के साथ कोच डॉ. रूपा और टीम मैनेजर सचिन कुमार भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए पूरे टूर्नामेंट में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को रणनीति और तकनीकी प्रशिक्षण देकर प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति महोदया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “हमारे खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय की खेल प्रतिभा का परिचय दिया है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है कि वे खेल और शिक्षा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने का प्रयास करें।”

विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर अखिलेश सक्सेना ने भी पदक विजेता खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें शुभकामनाएँ और आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन ही उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती है और आने वाले समय में और सफलता दिलाएगी।

इसके साथ ही एसबीएस कॉलेज, आगरा के प्रबंधक विजय यादव ने भी प्रारम्भ से ही खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पदक विजेताओं को अपनी शुभकामनाएँ दीं। टीम ने उनके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए आने वाले मुकाबलों के लिए शुभकामनाएँ और आशीर्वाद प्रदान किए। उम्मीद जताई जा रही है कि खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए और अधिक पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम देशभर में रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *