आगरा(ब्यूरो)। कमर्शियल गैस की कमी का असर अब सीधे घरेलू उपभोक्ताओं पर दिखाई देने लगा है। जिले में होटल, रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशन, हॉस्टल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल गैस सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इसके कारण कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलिंडरों का इस्तेमाल बढ़ गया है, जिससे घरेलू गैस की बुकिंग और आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।
जिले में सामान्य दिनों में करीब 16 हजार घरेलू गैस सिलिंडरों की बुकिंग होती थी, लेकिन मौजूदा स्थिति में यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन लगभग 20 हजार तक पहुंच गई है। इसके मुकाबले गैस एजेंसियों द्वारा लगभग 18 हजार सिलिंडरों की ही डिलीवरी की जा पा रही है। बाकी दो हजार सिलिंडरों की कमी को एजेंसियां अपने पास पहले से मौजूद अतिरिक्त स्टॉक के सहारे पूरा करने का प्रयास कर रही हैं।
शुक्रवार को तीनों तेल कंपनियों के पोर्टल पर गैस बुकिंग अपेक्षाकृत आसान रही, लेकिन इसके बावजूद शहर से लेकर देहात क्षेत्र तक करीब 80 प्रतिशत गैस एजेंसियों और गोदामों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर प्राप्त करने के लिए चार से सात घंटे तक लाइन में लगना पड़ा।
जिले में कुल 84 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के लगभग 13.57 लाख उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जाती है। एक सप्ताह पहले तक गैस बुकिंग की गति अपेक्षाकृत सामान्य थी और प्रति मिनट करीब 11 उपभोक्ता सिलिंडर बुक कर रहे थे। अब यह संख्या बढ़कर प्रति मिनट 13 उपभोक्ता तक पहुंच गई है। पहले बुकिंग के 24 घंटे के भीतर करीब 16 हजार सिलिंडरों की आपूर्ति हो जाती थी, लेकिन अब बढ़ती मांग के कारण आपूर्ति व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
कमर्शियल गैस की स्थिति पर नजर डालें तो जिले में लगभग 14 हजार कमर्शियल उपभोक्ता हैं और प्रतिदिन करीब 25.3 मीट्रिक टन गैस की खपत होती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के कारण गैस आपूर्ति की वैश्विक श्रृंखला प्रभावित हुई है। इसके चलते कमर्शियल गैस सिलिंडरों की उपलब्धता पर असर पड़ा है और कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलिंडरों का उपयोग बढ़ गया है।
बुकिंग की संख्या बढ़ने से गैस कंपनियों के ऑनलाइन पोर्टल पर भी दबाव बढ़ गया है। कई बार सर्वर की गति धीमी पड़ जाती है और टोल फ्री नंबर भी ठीक तरह से काम नहीं कर पाते। इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ स्थानों पर कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आई हैं। जहां घरेलू गैस सिलिंडर की निर्धारित कीमत 935.50 रुपये है, वहीं कुछ जगहों पर इसे 1400 से 1700 रुपये तक में बेचे जाने की जानकारी मिली है।
स्थिति को देखते हुए आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिले की 42 गैस एजेंसियों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान जयपुर हाउस स्थित मयूर गैस सर्विस, शाहगंज की विक्रमादित्य गैस एजेंसी, शास्त्रीपुरम की स्वामी गैस एजेंसी, न्यू आगरा की मारुत गैस एजेंसी, राजा की मंडी स्टेशन रोड की ताज गैस एजेंसी, कमलानगर की नवोदय गैस एजेंसी, सुल्तानगंज की पुलिया स्थित सरला गैस एजेंसी, न्यू आगरा की अनुज गैस एजेंसी, ट्रांसयमुना कॉलोनी की एसी फ्यूल्स और सिटी स्टेशन रोड स्थित पालीवाल फ्लेक्स सहित कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
जिला पूर्ति अधिकारी आनंद सिंह ने बताया कि शुक्रवार को करीब 20 हजार गैस सिलिंडरों की बुकिंग हुई, जिनमें से लगभग 18 हजार की आपूर्ति कर दी गई है। वर्तमान में उपभोक्ताओं को बुकिंग के 25 से 36 घंटे के भीतर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है और कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी
गैस बुकिंग के टोल फ्री नंबर
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तेल कंपनियों ने गैस बुकिंग और शिकायत दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर जारी किए हैं।
- इंडियन ऑयल कारपोरेशन (आईओसी): 1800-233-3555
- भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (बीपीसी): 1800-224-344
- हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (एचपीसी): 1800-233-3555
इंडियन ऑयल के उपभोक्ता 8454955555 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर भी सिलेंडर की बुकिंग करा सकते हैं।
जिले का हेल्पलाइन नंबर
गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता जिला पूर्ति विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0562-2972453 पर संपर्क कर सकते हैं।

