आगरा(ब्यूरो)। गैस की आपूर्ति सामान्य है काेई कमी नहीं है लोगों से अपील हैं कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें ये कहना है डीएम आगरा अरविंद मल्ल्प्पा बंगारी का
उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस सिलेण्डरों की पर्याप्त आपूर्ति और रिजर्व मौजूद है। हाल ही में सोशल मीडिया और अफवाहों के कारण यह धारणा फैल रही थी कि जनपद में घरेलू गैस सिलेण्डरों की कमी है, लेकिन यह पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सभी आपूर्तिकर्ता एजेंसियों के पास घरेलू रसोई गैस, कामर्शियल सिलेण्डर, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार बुकिंग करने से सर्वर पर अधिक लोड पड़ रहा था, जिससे कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से गैस बुकिंग में समस्या आई। इसे जल्द ही सही किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि घरेलू सिलेण्डरों की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब प्रत्येक उपभोक्ता केवल 2 सिलेण्डर ही निर्धारित अंतराल पर बुक कर सकते हैं, और दो बुकिंग के बीच 25 दिन का अंतराल तय किया गया है। यह कदम सर्वर लोड को नियंत्रित करने और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए लिया गया है।
जिला प्रशासन ने पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस सिलेण्डरों की जमाखोरी, कालाबाजारी, अवैध भण्डारण और अफवाह फैलाने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीमों का गठन किया है। यदि कोई व्यक्ति इन नियमों का उल्लंघन करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी और कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों तथा पेट्रोल पम्पों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उन्होंने यह भी बताया कि जनपद में डीजल, पेट्रोल और घरेलू रसोई गैस के साथ-साथ कामर्शियल सिलेण्डरों की आपूर्ति और रिजर्व की पर्याप्त उपलब्धता है।
जनपदवासियों के लिए किसी भी समस्या, जानकारी या शिकायत हेतु हेल्पलाइन नंबर 0562-2972453 जारी किया गया है। लोग इस नंबर पर कॉल करके तुरंत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने अंत में यह दोहराया कि अफवाहों पर ध्यान देने से न केवल अनावश्यक भीड़ बढ़ती है बल्कि अन्य उपभोक्ताओं के लिए गैस उपलब्ध कराने में भी बाधा आती है। सभी से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करें और धैर्य रखते हुए आवश्यक गैस और ईंधन की खरीदारी करें।

