• Fri. Apr 17th, 2026

TODAY NewsTrack

India #1 News Platform लेटेस्ट व ब्रेकिंग न्यूज | हिन्दी समाचार | यूपी न्यूज

Agra News:रेहावली गांव में उटंगन नदी पर बांध बनाने की मांग, तेरहमोरी बांध के गेटों की मरम्मत का भी आग्रह

Civil Society of Agra representatives Anil Sharma and Rajeev Saxena meeting Zila Panchayat Chairperson Dr Manju Bhadauria in AgraCivil Society of Agra representatives including Anil Sharma and Rajeev Saxena meeting Zila Panchayat Chairperson Dr Manju Bhadauria to discuss development issues including Utangan river dam proposal in Agra.
Spread the love

आगरा (ब्यूरो) । यमुना तटीय क्षेत्र के रेहावली गांव में उटंगन नदी पर बांध निर्माण की मांग एक बार फिर उठी है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष इस मुद्दे को उठाया है। सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने इसे महत्वपूर्ण पहल बताते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार करेगी।

सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. मंजू भदौरिया से उनके कैंप कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उटंगन नदी पर फतेहाबाद तहसील के रेहावली गांव में बांध निर्माण का प्रस्ताव अधिशासी अभियंता, अनुसंधान एवं नियोजन खंड, सिंचाई विभाग अलीगढ़ के समक्ष अध्ययन के लिए विचाराधीन है। वर्ष 2024 में अलीगढ़ से आए अध्ययन दल ने रेहावली गांव पहुंचकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया था। हालांकि, लोअर खंड आगरा नहर के अधिशासी अभियंता द्वारा उटंगन नदी से संबंधित मांगी गई जानकारियां उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण अध्ययन प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने कहा कि जनपद की महत्वपूर्ण नदी होने के कारण उटंगन नदी के जलस्तर, मानसून कालीन डूब क्षेत्र तथा राजस्थान से उत्तर प्रदेश की सीमा में आगरा जिले के सिरौली गांव और नगला बिहारी (तहसील फतेहाबाद) के बीच जलग्रहण क्षेत्र में मानसून के दौरान जलविस्तार से संबंधित जानकारियों को अपडेट किया जाना जरूरी है। जिला अधिकारी आगरा द्वारा नदी के प्रवाह और जलविस्तार क्षेत्र के चिन्हांकन के लिए सिंचाई विभाग को दिए गए निर्देशों पर भी शीघ्र कार्रवाई कराई जानी चाहिए।

मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने मुख्यमंत्री से तेरहमोरी बांध के गेटों की मरम्मत कराने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जल संचय की व्यवस्था को पुनः सुचारु करना जरूरी है। इससे किसानों की जरूरत के अनुसार पानी उपलब्ध हो सकेगा, बड़े क्षेत्र में भूगर्भ जल रिचार्ज होगा और पानी की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।

डॉ. मंजू भदौरिया ने बताया कि उन्होंने 9 मार्च को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात के दौरान आगरा के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और मांगें रखी थीं। इनमें आगरा में फार्मा पार्क की स्थापना का मुद्दा भी प्रमुख रहा।

सिविल सोसायटी ऑफ आगरा के सचिव अनिल शर्मा ने कहा कि यदि आगरा में 100 एकड़ भूमि पर आधुनिक फार्मा पार्क स्थापित होता है तो रोजगार की स्थिति में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि आगरा में Agra Public Pharmacy College और College of Pharmacy जैसे कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हैं, जो फार्मेसी क्षेत्र के लिए कुशल जनशक्ति तैयार करते हैं।

उन्होंने बताया कि इससे पहले 7 मार्च को मुख्यमंत्री के आगरा आगमन के दौरान भी डॉ. मंजू भदौरिया ने उनसे मुलाकात कर रेहावली गांव में प्रस्तावित रेहावली बांध योजना के निर्माण सहित जनपद के आलू उत्पादक क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे।

सिविल सोसायटी की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष से मुलाकात करने वालों में सचिव अनिल शर्मा के अलावा राजीव सक्सेना और असलम सलीमी भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *