— मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, तीन गिरफ्तार, एक साथी फरार
— आठ पुलिस टीमों ने 300 सीसीटीवी खंगाले, चार लाख से अधिक नकदी व आभूषण बरामद
— आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
फतेहाबाद। छह मार्च को तहसील से खेत बेचकर लौट रहे किसान की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर आठ लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों से मंगलवार देर रात पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चार लाख पांच सौ रुपये नकद, डौकी क्षेत्र में हुई लूट के सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचे, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि छह मार्च को थाना फतेहाबाद के पिन्नापुरा निवासी किसान निहाल सिंह पुत्र भगवती प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता ने अपने रिश्तेदार को पौने पांच बीघा खेत बेचा था। उसी के आठ लाख रुपये लेकर वह अपने चाचा बच्चू सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले तीन अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने पीछे से हॉर्न बजाया और पास आते ही एक बदमाश ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इसके बाद चाचा के हाथ से आठ लाख रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश फिरोजाबाद की ओर भाग गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए थाना फतेहाबाद, डौकी पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी समेत आठ टीमों को लगाया गया। पुलिस टीमों ने बदमाशों के भागने के संभावित मार्गों के करीब 300 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसके आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई।
मंगलवार रात करीब 2:40 बजे पुलिस टीमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर प्रतापपुरा मोड़ भरापुर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थीं। तभी मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार तीन बदमाशों को घेरने की कोशिश की गई, लेकिन वे भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वेद प्रकाश निवासी महल बादशाही थाना बमरौली कटारा के पैर में गोली लग गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से रवीन्द्र पुत्र पप्पू और श्याम सिंह उर्फ श्यामू पुत्र नेमीचंद्र निवासी महल बादशाही को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने वेदप्रकाश के पास से 1,20,500 रुपये, एक तमंचा, कारतूस, सोने की चैन और अंगूठी, श्याम सिंह से 1,70,000 रुपये और आठ जोड़ी पायल, जबकि रवीन्द्र से 1,10,000 रुपये, एक तमंचा, कारतूस और 53 जोड़ी बिछुए बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट के आठ लाख रुपये में से कुछ रकम खर्च कर दी और डौकी थाना क्षेत्र के नगला कैशो में की गई लूट के कुछ आभूषण भी बेचकर शौक-मौज और जुए में खर्च कर दिए।
पुलिस के अनुसार गिरोह का एक सदस्य नरेश अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। वेदप्रकाश पहले भी थाना ताजगंज क्षेत्र में लूट और गैंगस्टर के मामले में जेल जा चुका है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान, थानाध्यक्ष डौकी सुनीत शर्मा, एसओजी प्रभारी रजत शर्मा, सर्विलांस प्रभारी सचिन तोमर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार, धीरेन्द्र यादव, यासिर बेग, शिव प्रकाश, संजीव कुमार, सागर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

