- दोनों राज्यों की बसों में 270 रुपये होगा कैला देवी का किराया
आगरा (ब्यूरो) कैला देवी मेला के संबंध में राजस्थान परिवहन निगम और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अधिकारियों की संयुक्त बैठक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय आगरा में आयोजित की गई। बैठक में राजस्थान परिवहन निगम की ओर से धौलपुर रोडवेज के मुख्य प्रबंधक मेला अधिकारी जगजीत, जिनका मोबाइल नंबर 9549653211), लोहगढ़ के मुख्य प्रबंधक राकेश सैनी, मो. 9549653193) सहित अन्य चार अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं आगरा क्षेत्र की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक बी.पी. अग्रवाल, सेवा प्रबंधक/प्रधान प्रबंधक प्राविधिक तुलाराम वर्मा, सक्षेप्र वित्त रविकांत मल्ल, सक्षेप्र ईदगाह हैमंत तिवारी, सक्षेप्र ताज राजेश यादव तथा स्टेशन प्रभारी बिजलीघर बस स्टेशन सत्यनारायण शर्मा बैठक में शामिल हुए।

बैठक में कैला देवी मेला पर्व के सफल संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णय के अनुसार कैला देवी मेला पर्व की संपूर्ण अवधि 14 मार्च से 3 अप्रैल तक रहेगी, जबकि मुख्य पर्व अवधि 20 से 29 मार्च तक निर्धारित की गई है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की ओर से आगरा से कैला देवी के मध्य कुल 140 बसें संचालित की जाएंगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि आगरा से कैला देवी के बीच दोनों राज्यों की बसों का किराया समान रखा जाएगा, जो 270 रुपये निर्धारित किया गया है। साथ ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से हेमंत तिवारी (सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, इनका मोबाइल नंबर (8726005031) को आगरा क्षेत्र का मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि राजस्थान परिवहन निगम की ओर से मुख्य मेला अधिकारी रवि कुमार मेहरा इनका मोबाइल नंबर 7976625798 रहेंगे।
इसके अतिरिक्त आगरा से कैला देवी मार्ग पर ऊंचा नगला और गंगापुर सिटी मोड़ पर चेक पोस्ट स्थापित की जाएंगी, जहां दोनों राज्यों की बसों की जांच की जाएगी, ताकि संचालन सुचारु और सुरक्षित ढंग से हो सके। अधिकारियों ने कहा कि मेला अवधि में श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दोनों राज्यों के परिवहन निगम समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

